Azamgarh News: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 146 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
मंगल गीतों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुआ भव्य आयोजन
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज विकासखंड अंतर्गत समाज कल्याण विभाग की ओर से शुक्रवार को विकास खंड बिलरियागंज परिसर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। मंगल गीतों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नगर निकायों एवं विभिन्न विकास खंडों से आए कुल 146 नवयुगलों का विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया गया।
गायत्री शक्तिपीठ लाटघाट के आचार्य रणविजय ने वैदिक रीति-रिवाज से विवाह संस्कार संपन्न कराया, जिसमें जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी साक्षी बने और नवदंपत्तियों को आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम के तहत ब्लाक बिलरियागंज के 21, महराजगंज के 34, हरैया के 21, अजमतगढ़ के 26 तथा मिर्जापुर के 27 जोड़ों का विवाह कराया गया। वहीं नगर पालिका परिषद मुबारकपुर से 5, नगर पालिका परिषद बिलरियागंज से 8, नगर पंचायत महराजगंज से 2, नगर पंचायत जीयनपुर से 1 तथा नगर पंचायत अजमतगढ़ से 1 जोड़ा शामिल रहा।
नवदंपत्तियों को योजना के अंतर्गत ट्रॉली बैग, कूकर, पायल, बिछिया, कपड़े सहित अन्य गृहस्थी उपयोगी सामान उपहार स्वरूप प्रदान किए गए तथा उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रमेश चंद यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों के लिए अत्यंत सहायक साबित हो रही है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर माता-पिता को अपनी बेटियों के विवाह की चिंता से राहत मिल रही है।
इस अवसर पर समाज कल्याण अधिकारी राजेश चौधरी, परियोजना निदेशक सच्चिदानंद प्रसाद, बीडीओ सुरेश मौर्य, डॉ. नम्रता जौहरी, महेंद्र यादव, एडीओ समाज कल्याण अधिकारी मुकेश यादव सहित कई अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



