Azamgarh News: भीमबर में अंग्रेजी शराब व बियर की दुकान से लाखों की चोरी, पुलिस जांच में जुटी

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना अंतर्गत भीमबर बाजार स्थित कंपोजिट शॉप अंग्रेजी शराब एवं बियर की दुकान पर बड़ी चोरी की घटना सामने आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की गहन जांच पड़ताल में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार बिलरियागंज थाना क्षेत्र के अकबरपुर गांव निवासी सेल्समैन अमनदीप पुत्र सुभाष यादव ने बताया कि वह शुक्रवार रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर चला गया था। शनिवार सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचा तो दुकान का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जांच करने पर पता चला कि चोर दुकान से करीब छह लाख रुपये मूल्य की शराब व बियर तथा लगभग 75 हजार रुपये नगद चोरी कर ले गए हैं।
घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बिलरियागंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की और साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया। दुकान मालिक का नाम चंद्रशेखर यादव पुत्र स्वर्गीय राम केर यादव निवासी कंधरापुर जनपद आजमगढ़ है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, इसलिए हर पहलू को ध्यान में रखकर गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



