Azamgarh News: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर टैक्सी चालक से मारपीट, जान से मारने की नियत से फायरिंग का आरोप।

अहरौला। अहरौला थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक टैक्सी चालक के साथ मारपीट तथा जान से मारने की नियत से फायरिंग किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित चालक ने अहरौला थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
टोल प्लाजा पर सवारी बैठाने को लेकर हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बबलू कुमार पुत्र हीरालाल, निवासी ग्राम पारा पोस्ट सुखीपुर, थाना अहरौला, पेशे से टैक्सी चालक हैं और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर वाहन चलाकर जीविकोपार्जन करते हैं। पीड़ित ने अपनी तहरीर में बताया कि रविवार 01 मार्च 2026 को सुबह लगभग 11 बजे वह टोल प्लाजा के पास सवारी बैठाने के लिए खड़े थे। इसी दौरान सोनू चौबे, निवासी चैनपुर थाना जैतपुर, जनपद अम्बेडकर नगर अपनी कार संख्या UP 32 CV 4487 से वहां पहुंचे और सवारी बैठाने को लेकर विवाद करने लगे।
पीड़ित का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर सोनू चौबे ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ लात-घूंसों व थप्पड़ों से मारपीट की, जिससे वह घायल हो गए।
शिकायत देने जाते समय दोबारा हमला और फायरिंग का भी आरोप लगाते हुए प्रार्थी ने बताया कि बबलू कुमार के अनुसार, घटना की सूचना डायल 112 पर देने के बाद वह लिखित शिकायत देने अहरौला थाने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में प्राथमिक विद्यालय के पास पहले से घात लगाए बैठे सोनू चौबे, धीरज मिश्रा तथा 3–4 अज्ञात लोगों ने उन्हें रोक लिया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि इस दौरान धीरज मिश्रा एवं अन्य लोगों ने अवैध असलहे से जान से मारने की नियत से फायरिंग की। हालांकि वह किसी तरह मौके से अपनी जान बचाकर भागने में सफल रहे और थाने पहुंचकर तहरीर दी।
पुलिस ने कहा—जांच के बाद होगी कार्रवाई
इस संबंध में अहरौला थाना अध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि मारपीट की घटना संज्ञान में आई है। असलहे से फायरिंग किए जाने की पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button