Azamgarh News: परमिट शर्तों का उल्लंघन, गाजीपुर से नेपाल जा रही स्लीपर बस एआरटीओ ने पकड़ी, 40 यात्री उतारकर बस सीज

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़ जनपद में परमिट की शर्तों का उल्लंघन करते हुए गाजीपुर से मऊ और आजमगढ़ के रास्ते नेपाल जा रही एक निजी स्लीपर बस को एआरटीओ प्रवर्तन अतुल यादव की टीम ने पकड़कर सीज कर दिया। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में निजी बस संचालकों में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हिंदुस्तान वोल्वो लिखी हुई झारखंड नंबर की स्लीपर बस, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर JH02AX 8700 है, गाजीपुर से मऊ होते हुए आजमगढ़ रोडवेज मार्ग से लगभग 40 यात्रियों को बैठाकर गोरखपुर रोड की ओर जा रही थी। बताया जा रहा है कि बस नेपाल के लिए जा रही थी और रास्ते में फुटकर सवारियां भी बैठाई जा रही थीं, जो कि परमिट की शर्तों का उल्लंघन है। इसी दौरान एआरटीओ प्रवर्तन अतुल यादव ने अपनी टीम के साथ बनकट बाजार के पास बस को रुकवाकर जांच की। जांच के दौरान पता चला कि बस परमिट की शर्तों का उल्लंघन करते हुए रास्ते में यात्रियों को बैठाकर संचालित की जा रही थी। नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर एआरटीओ प्रवर्तन अतुल यादव ने बस को आरटीओ परिसर लाकर सीज कर दिया। बस में सवार लगभग 40 यात्रियों को उतारकर परिवहन निगम की बस से उनके जनपद के लिए वापस भेज दिया गया।
एआरटीओ की इस कार्रवाई से क्षेत्र में संचालित निजी बस संचालकों में हड़कंप मच गया। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना वैध परमिट या परमिट की शर्तों का उल्लंघन कर बस चलाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button