Azamgarh News: भीषण बिजली कटौती से जनजीवन अस्त-व्यस्त, ग्रामीण व किसान बेहाल; 18 घंटे के रोस्टर के बावजूद सप्लाई ‘राम भरोसे’

भीषण बिजली कटौती से जनजीवन अस्त-व्यस्त, ग्रामीण व किसान बेहाल; 18 घंटे के रोस्टर के बावजूद सप्लाई ‘राम भरोसे’
जहानागंज, आजमगढ़:
क्षेत्र में लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच हो रही अनियमित बिजली कटौती ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। जहानागंज क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों, कारीगरों और बाजारवासियों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि सरकार द्वारा 18 घंटे बिजली आपूर्ति का रोस्टर तय होने के बावजूद उन्हें मात्र 10 से 12 घंटे ही बिजली मिल पा रही है, वह भी अनियमित रूप से।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और अधिक गंभीर बनी हुई है। इस समय किसान कटाई और अन्य कृषि कार्यों में व्यस्त हैं, लेकिन बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण मडाई सहित कई कार्य बाधित हो रहे हैं। वहीं हैंडलूम से जुड़े कारीगरों का काम भी बिजली न रहने के कारण ठप पड़ता जा रहा है, जिससे उनकी आजीविका पर संकट गहराने लगा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दिन में कई बार बिजली काटी जा रही है, जबकि सुबह और शाम जैसे महत्वपूर्ण समय में भी सप्लाई नहीं मिल रही है। भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली न रहने से लोगों का जीना दूभर हो गया है। साथ ही मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से बीमारियों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है।
बाजार क्षेत्र के निवासी भूपेन्द्र, वीर सिंह, संजय, जय राम, राजू कनौजिया, संतोष और लव प्रताप सहित कई लोगों ने बताया कि बिजली कटौती का सीधा असर व्यापार पर पड़ रहा है। दुकानों में ग्राहकों की संख्या घट रही है और बिजली से चलने वाले उपकरण बंद रहने के कारण कामकाज प्रभावित हो रहा है।
वहीं बिजली विभाग के अवर अभियंता धीरज पटेल का कहना है कि शासन के निर्देशानुसार 18 घंटे बिजली आपूर्ति का प्रावधान है, लेकिन वर्तमान में फसलों और तेज हवा को ध्यान में रखते हुए दिन में कई बार आउटगोइंग फीडरों को बंद किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अवर अभियंता एवं उपखंड अधिकारी के निर्देश पर सुरक्षा कारणों से दिन में सप्लाई रोकी जा रही है और शाम को हवा कम होने के बाद बिजली बहाल किए जाने की संभावना रहती है।
हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि सब स्टेशन जहानागंज के ग्रुप में बिजली आपूर्ति से संबंधित कोई स्पष्ट और सही सूचना नहीं दी जाती। कब बिजली आएगी और कब जाएगी, इसकी जानकारी न मिलने से लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल समस्या के समाधान की मांग करते हुए नियमित, पारदर्शी और पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की अपील की है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो जनाक्रोश और बढ़ सकता है।



