Azamgarh News:50 हजार के इनामी गैंगस्टर राहुल यादव एसटीएफ के हत्थे चढ़ा, हरियाणा से गिरफ्तारी

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
50 हजार के इनामी गैंगस्टर राहुल यादव एसटीएफ के हत्थे चढ़ा, हरियाणा से गिरफ्तारी
आज़मगढ़ जनपद में गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित चल रहे 50,000 रुपये के इनामी अभियुक्त राहुल यादव को एसटीएफ उत्तर प्रदेश ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी को हरियाणा के फरीदाबाद स्थित डीएलएफ क्राइम ब्रांच क्षेत्र के पास से 1 अप्रैल 2026 की शाम करीब 7:15 बजे दबोचा गया।
पुलिस के अनुसार, राहुल यादव पुत्र प्रकाश यादव, निवासी सिसरेडी थाना बरदह (आजमगढ़) लंबे समय से फरार चल रहा था। उस पर थाना देवगांव में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे (मु0अ0सं0-275/2024) में 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
एसटीएफ को फरार व इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राहुल यादव की लोकेशन फरीदाबाद में मिलने की सूचना मिली। पुलिस उपाधीक्षक प्रमेश कुमार शुक्ल के पर्यवेक्षण में उप निरीक्षक जावेद आलम सिद्दीकी के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में बताया कि वह वर्ष 2018 से लूट, चोरी, डकैती, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों में शामिल रहा है। आजमगढ़ के कई थाना क्षेत्रों में अपने गिरोह के साथ मिलकर उसने वारदातों को अंजाम दिया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह परिवार से अलग होकर फरीदाबाद में छिपकर रह रहा था।
राहुल यादव के खिलाफ आजमगढ़ के बरदह, देवगांव, कोतवाली, गंभीरपुर व तहबरपुर थानों में लूट, चोरी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट व गैंगस्टर एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।
गिरफ्तार अभियुक्त को देवगांव थाना में दर्ज मुकदमे में दाखिल कर दिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।



