Azamgarh News: प्रधान सहायक विधि चंद्र यादव निलंबित, अनियमितताओं का मामला सामने

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
प्रधान सहायक विधि चंद्र यादव निलंबित, अनियमितताओं का मामला सामने
प्रयागराज स्थित बेसिक शिक्षा निदेशक कार्यालय के आदेश के तहत आजमगढ़ मंडल में तैनात प्रधान सहायक विधि चंद्र यादव को गंभीर अनियमितताओं के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई संयुक्त शिक्षा निदेशक, आजमगढ़ की रिपोर्ट के आधार पर की गई है।जांच में आरोप सामने आए हैं कि यादव ने संस्कृत माध्यमिक विद्यालयों से जुड़े मामलों में गड़बड़ी की। विशेष रूप से देवानंद संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रामगढ़ (आजमगढ़) के मामले में, अनुदान सूची से हटाए गए विद्यालय में गलत तरीके से नियुक्तियों को अनुमोदित कराया। इसके अलावा, उन्होंने तथ्यों को छिपाकर अधिकारियों को गुमराह किया, फर्जी दस्तावेज तैयार कराए और विद्यालय की मूल पत्रावली में हेरफेर की।मामले में कोतवाली आजमगढ़ में संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। इसके अलावा, प्रकरण उजागर होने के बाद मीडिया कर्मियों को धमकाने के आरोप में भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर विभाग ने उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली-1999 के तहत निलंबन की कार्रवाई की है। जांच अधिकारी के रूप में बस्ती मंडल के संयुक्त शिक्षा निदेशक को नियुक्त किया गया है। निलंबन अवधि में यादव को उप शिक्षा निदेशक (माध्यमिक), बस्ती कार्यालय से संबद्ध किया गया है। उन्हें इस अवधि के दौरान नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। विभागीय जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।



