Azamgarh News: कप्तानगंज थाने पर अधिवक्ता ने लगाए गंभीर आरोप, पुलिस बोली—जांच के बाद होगी कार्रवाई

कप्तानगंज थाने पर अधिवक्ता ने लगाए गंभीर आरोप, पुलिस बोली—जांच के बाद होगी कार्रवाई
आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कठौरा गांव निवासी धनंजय यादव, जो स्वयं को अधिवक्ता बताते हैं, उन्होंने ने एक शिकायत सामने रखी है। उनके अनुसार 18 अप्रैल को वह आजमगढ़ से अपने घर लौट रहे थे, तभी उनके मित्र अंकित यादव का फोन आया। मित्र के किसी मामले को लेकर थाने में प्रार्थना पत्र देना था, जिसके चलते वह कप्तानगंज पहुंचे और रात लगभग 11 बजे अपने मित्र के साथ थाने गए।
धनंजय यादव का आरोप है कि जब वह प्रार्थना पत्र लिख रहे थे, उसी दौरान थाने में तैनात एक सिपाही उनसे कथित रूप से अभद्र व्यवहार करने लगा। आगे यह भी आरोप लगाया गया कि उन्हें और उनके मित्र को थाने में बैठा लिया गया और सुबह छोड़ा गया।
हालांकि, इन सभी आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि हमारा चैनल नहीं करता है। यह सभी बातें शिकायतकर्ता के आरोपों पर आधारित हैं और इनकी सत्यता जांच का विषय है।
इस पूरे प्रकरण को लेकर अधिवक्ता में नाराज़गी देखी जा रही है और उन्होंने क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, क्षेत्राधिकारी कौस्तुभ त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



