Azamgarh News: हर घर जल योजना की लापरवाही पर शिकायत के बाद हरकत में आया विभाग, तीनों समस्याओं का हुआ समाधान

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
हर घर जल योजना की लापरवाही पर शिकायत के बाद हरकत में आया विभाग, तीनों समस्याओं का हुआ समाधान
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज विकासखंड अंतर्गत चांदपुर गांव में हर घर जल योजना के कार्यों में लापरवाही पर नाराजगी देखने को मिली। गांव में बिछाई गई पाइपलाइन और कलेक्शन कार्य की गुणवत्ता को लेकर लोगों ने गंभीर सवाल उठाए।
ग्रामीणों का आरोप था कि मानपुर-चांदपुर गांव में हर घर जल योजना के तहत जो कनेक्शन दिया गया था, समस्या यह थी कि जमीन के अंदर पाइपलाइन के एक जॉइंट से लगातार पानी का लीकेज हो रहा था, जिससे बड़ी मात्रा में पानी बर्बाद हो रहा था और पानी में बैक्टीरियल इन्फेक्शन की संभावना थी और आसपास की जमीन भी प्रभावित हो रही थी।
इतना ही नहीं, पटवध सरैया बाजार के एक परिवार को नया पानी कनेक्शन दिया जाना था। इसके लिए संबंधित व्यक्ति ने कई बार मौके पर मौजूद कर्मचारियों को जानकारी दी और आवश्यक दस्तावेज के रूप में आधार कार्ड भी उपलब्ध कराया, लेकिन इसके बावजूद कर्मचारियों ने उनकी समस्या को गंभीरता से नहीं लिया और कनेक्शन नहीं दिया गया। आखिरकार परेशान संबंधित व्यक्ति ने इस पूरे मामले की शिकायत जल निगम के अधिशासी अभियंता राजेंद्र प्रसाद से की। शिकायत मिलते ही उन्होंने मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
अधिशासी अभियंता के हस्तक्षेप के बाद शुक्रवार को विभागीय टीम मौके पर पहुंची और तीनों समस्याओं का समाधान कराया गया।
टोंटी बदलते हुए पाइपलाइन लीकेज को ठीक किया गया और लंबित नए कनेक्शन की प्रक्रिया भी पूरी कर दी गई।
इस त्वरित कार्रवाई के लिए जल निगम के अधिशासी अभियंता राजेंद्र प्रसाद का आभार जताया, लेकिन साथ ही यह भी मांग की कि भविष्य में हर घर जल योजना के कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाए ताकि लोगों को इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ तभी सही मायनों में लोगों तक पहुंचेगा, जब जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों को ईमानदारी से निभाएंगे।



