Azamgarh News: बिलरियागंज ब्लॉक को मिला नया बीडीओ, इदरीश अली ने संभाला कार्यभार,बोले, “जनहित और पारदर्शिता होगी पहली प्राथमिकता”

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
बिलरियागंज ब्लॉक को मिला नया बीडीओ, इदरीश अली ने संभाला कार्यभार,बोले, “जनहित और पारदर्शिता होगी पहली प्राथमिकता”
आजमगढ़ जनपद के विकासखंड बिलरियागंज में प्रशासनिक बदलाव के बीच शनिवार को नए खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के रूप में इदरीश अली ने कार्यभार ग्रहण कर लिया। उनके आगमन से ब्लॉक कर्मियों के साथ-साथ क्षेत्रीय जनता में भी नई उम्मीद जगी है कि विकास कार्यों को अब और अधिक गति मिलेगी।
जानकारी के अनुसार विकासखंड बिलरियागंज में पूर्व बीडीओ सुरेश कुमार मौर्य ने 29 अगस्त 2025 को कार्यभार संभाला था। हाल ही में उन्हें मुख्यालय से अटैच कर दिया गया, जिसके बाद प्रशासन द्वारा मार्टिनगंज ब्लॉक में तैनात इदरीश अली को बिलरियागंज ब्लॉक का नया बीडीओ नियुक्त किया गया।
25 अप्रैल 2026 को इदरीश अली ने आधिकारिक रूप से बिलरियागंज ब्लॉक पहुंचकर अपना कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि सरकार द्वारा संचालित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य होगा।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, गरीबों के उत्थान और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए शासन लगातार योजनाएं चला रहा है। इन योजनाओं का सही क्रियान्वयन सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नए बीडीओ ने यह भी कहा कि ब्लॉक स्तर पर विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी और शिकायत मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कर्मचारियों से भी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि नए अधिकारी से उन्हें काफी उम्मीदें हैं और वे चाहते हैं कि विकास कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे तथा गांवों की समस्याओं का जल्द समाधान हो।



