Azamgarh News: दरोगा पर भ्रष्टाचार व बदसलूकी के आरोप, भाजपा कार्यकर्ताओं ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

दरोगा पर भ्रष्टाचार व बदसलूकी के आरोप, भाजपा कार्यकर्ताओं ने एसपी को सौंपा ज्ञापन

पवई (आजमगढ़): पवई थाना में तैनात एक दरोगा पर भ्रष्टाचार, अपराधियों को संरक्षण देने तथा शिकायत करने पर कार्यकर्ताओं से बदसलूकी करने के गंभीर आरोप लगे हैं। इस संबंध में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। कार्यकताओं इसकी शिकायत राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री से की है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि पवई थाने पर तैनात दरोगा ओमप्रकाश मिश्रा अपराधियों को संरक्षण देने के साथ-साथ उनसे धन उगाही में लिप्त हैं। इसके चलते क्षेत्र में कानून व्यवस्था की स्थिति बिगड़ रही है और आमजन में आक्रोश व्याप्त है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि जब भी इस मामले में शिकायत की जाती है तो दरोगा द्वारा शिकायतकर्ताओं को ही अपमानित किया जाता है और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती है।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि हाल ही में एक मंडल मंत्री एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य के साथ भी दरोगा द्वारा अभद्र व्यवहार किया गया और पुलिसिया दबाव बनाते हुए उनका चालान कर दिया गया, जिससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ गई है।

ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि समय रहते संबंधित दरोगा के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।

कार्यकर्ताओं ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में मुख्य रूप से जिला कार्यकारिणी सदस्य सूरज अग्रहरि, अनुसूचित मोर्चा मण्डल अध्यक्ष मैगना दयाशंकर, मण्डल मंत्री मैगना संतोष सिंह, मण्डल उपाध्यक्ष मैगना निशा देवी, संयोजक बसन्त लाल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button