Azamgarh News: एनएच-128ए फोरलेन मार्ग की नालियां बनी मुसीबत, जलभराव व बदबू से ग्रामीण परेशान

एनएच-128ए फोरलेन मार्ग की नालियां बनी मुसीबत, जलभराव व बदबू से ग्रामीण परेशान

बरदह/आजमगढ़। आजमगढ़ से जौनपुर को जोड़ने वाले एनएच-128ए फोरलेन हाईवे मार्ग पर निर्माण के दौरान बनाई गई नालियां अब स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए बड़ी समस्या बनती जा रही हैं। नालियों में कूड़े का अंबार लगा हुआ है तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से बारिश का पानी और अन्य गंदा पानी जमा हो रहा है। इससे आसपास के क्षेत्र में तेज बदबू फैल रही है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।

ग्रामीणों के अनुसार बीते दिनों हुई हल्की बारिश में ही सड़क के किनारे पानी भर गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर ग्रामीणों ने स्वयं प्रयास कर पानी निकालने की व्यवस्था की, लेकिन नालियां पूरी तरह जाम होने के कारण समस्या जस की तस बनी हुई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि फोरलेन निर्माण के समय बनाई गई नालियों का उचित ढंग से जल निकासी से जुड़ाव नहीं किया गया, जिसके चलते पानी जमा हो रहा है। ग्रामीणों ने इस संबंध में कई बार संबंधित विभागों को प्रार्थना पत्र भी दिया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।

ग्रामीणों ने बताया कि जब इस समस्या को लेकर ग्राम प्रधान से शिकायत की गई तो उन्होंने इसे पीडब्ल्यूडी अथवा एनएच विभाग का मामला बताते हुए अपने विभाग से बाहर की समस्या कहा। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि बरसात का मौसम अभी पूरी तरह शुरू भी नहीं हुआ है, ऐसे में समय रहते जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द नालियों की सफाई कराकर उचित जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि लोगों को जलभराव, बदबू और संभावित बीमारियों से राहत मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button