Azamgarh News: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर स्टंट करने वाले 5 युवक गिरफ्तार, वाहन सीज

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर स्टंट करने वाले 5 युवक गिरफ्तार, वाहन सीज
आजमगढ़ जनपद के थाना मुबारकपुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुड़दंग और स्टंट कर यातायात बाधित करने वाले 05 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि घटना में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें कुछ युवक पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर वाहन के सामने खड़े होकर फोटो और वीडियो बनाते नजर आ रहे थे। इस दौरान एक्सप्रेसवे पर आवागमन बाधित हो रहा था और अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देश पर थाना मुबारकपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
वीडियो के आधार पर अभियुक्तों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही घटना में इस्तेमाल किए गए वाहन को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर विधिक कार्रवाई की गई।
अम्मान पुत्र जमीरुलहसन (19 वर्ष), निवासी पुरारानी
नावेद पुत्र वसीम (20 वर्ष), निवासी पुरारानी
अनवर पुत्र मकबूल अहमद (27 वर्ष), निवासी पुरारानी
राहत अली पुत्र बदरुद्दीन (25 वर्ष), निवासी पुरारानी
दानिश पुत्र शमशाद (19 वर्ष), निवासी पुरारानी
(सभी निवासी थाना मुबारकपुर, जनपद आजमगढ़)
पुलिस ने बताया कि सभी अभियुक्तों का चालान कर उन्हें माननीय न्यायालय भेज दिया गया है।
थाना मुबारकपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि एक्सप्रेसवे एवं सार्वजनिक मार्गों पर इस प्रकार के स्टंट, हुड़दंग या वाहन रोककर फोटो-वीडियो बनाने जैसी गतिविधियों से बचें। यह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि आपकी और दूसरों की जान के लिए भी खतरनाक साबित हो सकता है।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता के लिए कानून तोड़ने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।



