Azamgarh News: दर्दनाक हादसे: सड़क दुर्घटना में वृद्ध महिला की मौत, नहर में गिरकर मजदूर की गई जान

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
दर्दनाक हादसे: सड़क दुर्घटना में वृद्ध महिला की मौत, नहर में गिरकर मजदूर की गई जान
आजमगढ़ जनपद में मंगलवार को दो अलग-अलग दर्दनाक घटनाओं ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एक ओर जहां सड़क पार कर रही वृद्ध महिला को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, वहीं दूसरी ओर एक मजदूर की नहर में गिरकर मौत हो गई। दोनों ही घटनाओं के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
दीदारगंज थाना क्षेत्र के कुशलगांव के पास मंगलवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय सोमारी देवी की मौत हो गई। वह गदाईपुर गांव की निवासी थीं और प्रतिदिन की तरह शाम को बाजार सब्जी लेने गई थीं।
बताया जाता है कि सब्जी लेकर वह पैदल घर लौट रही थीं। जैसे ही कुशलगांव के पास सड़क पार करने लगीं, तभी पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और घायल अवस्था में उन्हें नजदीकी सीएचसी पहुंचाया गया। हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन एंबुलेंस से जौनपुर जिला अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। इस घटना से परिवार में मातम छा गया है।
दूसरी घटना भी दीदारगंज थाना क्षेत्र के गंभीरी गांव की है, जहां मंगलवार की सुबह 35 वर्षीय मजदूर धर्मेंद्र राजभर की नहर में गिरकर मौत हो गई।
धर्मेंद्र राजभर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। मंगलवार की सुबह वह काम की तलाश में घर से निकले थे, लेकिन काम न मिलने पर करीब 11 बजे वापस लौट रहे थे। रास्ते में शारदा सहायक खंड-23 की नहर के पुल पर बैठकर आराम करने लगे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से नहर में जा गिरे।
राहगीरों ने घटना देख शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद घटनास्थल से लगभग 300 मीटर दूर उनका शव बरामद किया।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।



