Azamgarh News: बलिया-लखनऊ राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा,बाइक सवार युवक की मौत

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय

बलिया-लखनऊ राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा,बाइक सवार युवक की मौत

आजमगढ़:फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के मकसूदिया गांव के पास गुरुवार सुबह बलिया-लखनऊ राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घटना से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार, निजामाबाद थाना क्षेत्र के खतीरपुर गांव निवासी 28 वर्षीय सनी विश्वकर्मा पुत्र हरिहर विश्वकर्मा गुरुवार सुबह अपनी ससुराल भादी, शाहगंज (जौनपुर) से बाइक द्वारा घर लौट रहे थे। इसी दौरान मकसूदिया गांव के पास मोड़ पर आजमगढ़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप से उनकी बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि सनी विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में पिकअप वाहन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुर्घटना के तुरंत बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।सूचना मिलते ही फूलपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की खबर सुनते ही मृतक की पत्नी पूजा विश्वकर्मा बेसुध हो गईं।बताया जा रहा है कि सनी विश्वकर्मा छह माह के मासूम बेटे के पिता थे। उनके पिता रोजगार के सिलसिले में गुजरात में रहते हैं। युवक की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।फूलपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button