Azamgarh News: जन चौपाल में बिजली विभाग पर भड़के जिलाधिकारी, लापरवाही पर अधिकारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
जन चौपाल में बिजली विभाग पर भड़के जिलाधिकारी, लापरवाही पर अधिकारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
आजमगढ़ जिले की सगड़ी तहसील अंतर्गत भुवना बुजुर्ग गांव में आयोजित जन चौपाल के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर कड़ा रुख अपनाया। गांव में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और जमीन पर गिरे बिजली के तारों को देखकर जिलाधिकारी का गुस्सा फूट पड़ा।
जन चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने बिजली संबंधी समस्याओं का अंबार लगा दिया। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से जर्जर तार, लो-वोल्टेज और बिजली आपूर्ति की समस्याएं बनी हुई हैं। वहीं एसडीओ अमुवारी की अनुपस्थिति में मौजूद जेई अमुवारी बृजेश कुमार ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि सभी समस्याओं का जल्द समाधान कराया जाएगा।
लेकिन चौपाल समाप्त होने के बाद जब जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने गांव का स्थलीय निरीक्षण किया, तो स्थिति बेहद गंभीर मिली। गांव में कई स्थानों पर बिजली के तार नीचे लटक रहे थे, जबकि कुछ तार जमीन पर गिरे हुए पाए गए, जो किसी बड़े हादसे को दावत दे रहे थे। यह नजारा देखते ही जिलाधिकारी का पारा चढ़ गया।
जिलाधिकारी ने मौके से ही मुख्य अभियंता और एक्सईएन आजमगढ़ को फोन मिलाकर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सगड़ी क्षेत्र में बिजली विभाग की कार्यशैली पूरी तरह असंतोषजनक है। डीएम ने पूरे मामले की रिपोर्ट तैयार कर प्रबंध निदेशक (MD) को पत्र भेजने के निर्देश दिए।
कार्य में लापरवाही बरतने पर जिलाधिकारी ने एसडीओ अमुवारी राजू कुमार के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए। वहीं जेई अमुवारी बृजेश कुमार की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दिए। हालांकि अमुवारी के एसएसओ इस कार्रवाई की जद में आने से बाल-बाल बच गए।
डीएम रविंद्र कुमार की इस सख्त कार्रवाई के बाद पूरे जिले के बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है। जन चौपाल के माध्यम से जिलाधिकारी ने साफ संदेश दिया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर कठोर कार्रवाई तय है।



