Azamgarh News: महाराणा प्रताप जयंती पर मातृशक्ति सम्मान समारोह का भव्य आयोजन, वीर शिरोमणि की गाथाओं से गूंजा नेहरू हाल

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
महाराणा प्रताप जयंती पर मातृशक्ति सम्मान समारोह का भव्य आयोजन, वीर शिरोमणि की गाथाओं से गूंजा नेहरू हाल
आजमगढ़ जनपद में वीरता, स्वाभिमान और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक महान योद्धा महाराणा प्रताप की जयंती के पावन अवसर पर शनिवार, 09 मई 2026 को प्रातः 10:00 बजे नेहरू हाल, आजमगढ़ में अखिल क्षत्रिय महासभा एवं महाराणा प्रताप सेना भारत के तत्वावधान में भव्य “महाराणा प्रताप जयंती समारोह एवं मातृशक्ति सम्मान कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों से सैकड़ों की संख्या में लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के अदम्य साहस, त्याग, राष्ट्रप्रेम और स्वाभिमान की वीर गाथाओं का भावपूर्ण वर्णन किया। पूरा नेहरू हाल “महाराणा प्रताप अमर रहें” के जयघोष से गूंज उठा। वक्ताओं ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक राजा नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति, सम्मान और स्वतंत्रता के जीवंत प्रतीक हैं, जिनका जीवन आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम में अखिल क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री रमाकांत सिंह, मुख्य अतिथि के रूप में भाजयुमो प्रदेश महामंत्री श्री हर्षवर्धन सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजयुमो गोरखपुर क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री पुरुषार्थ सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल क्षत्रिय महासभा के प्रदेश महामंत्री ठाकुर दिनेश सिंह द्वारा की गई।
इस अवसर पर समाज और पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले हिंदी दैनिक मासिक पत्रिका एवं नेशनल खबर 9 के सह-संपादक भास्कर सिंह उर्फ रिंकू सिंह तथा संवाददाता प्रमोद सिंह को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। प्रदेश महामंत्री ठाकुर दिनेश सिंह एवं श्रीमती डॉ. पूनम सिंह ने महाराणा प्रताप की तस्वीर, पुष्पमाला एवं सम्मान स्वरूप भेंट देकर दोनों पत्रकारों का अभिनंदन किया। सम्मान प्राप्त करने के बाद भावुक वातावरण में उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने उपस्थित सभी अतिथियों, मातृशक्ति, समाजसेवियों एवं सम्मानित जनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन हम सभी को राष्ट्रहित, आत्मसम्मान और संघर्ष के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा।



