Azamgarh News: महाराणा प्रताप जयंती पर क्षत्रिय समाज का भव्य आयोजन, वीरता और स्वाभिमान की गाथा से गूंजा बांसथान

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
महाराणा प्रताप जयंती पर क्षत्रिय समाज का भव्य आयोजन, वीरता और स्वाभिमान की गाथा से गूंजा बांसथान
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज क्षेत्र स्थित जनता जूनियर हाई स्कूल, बांसथान के प्रांगण में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के सौजन्य से महाराणा प्रताप जयंती समारोह बड़े ही भव्य, भावनात्मक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षत्रिय समाज के सैकड़ों लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और वीरता के नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं प्रदेश उपाध्यक्ष माननीय विक्रम बहादुर सिंह रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में अखिलेश सिंह (सीडब्ल्यूसी बेंच ऑफ मजिस्ट्रेट) एवं कन्हैया सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा आजमगढ़ के जिला अध्यक्ष अजय सिंह ने की, जबकि कार्यक्रम संयोजक की भूमिका जिला उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह एवं केशर सिंह ने निभाई।
इस अवसर पर वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के संघर्षपूर्ण जीवन, त्याग, शौर्य और मातृभूमि के प्रति उनकी अटूट निष्ठा पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि मेवाड़ के सिसोदिया राजवंश के महान योद्धा महाराणा प्रताप ने मुगल बादशाह अकबर की अधीनता स्वीकार करने के बजाय जीवनभर स्वतंत्रता और स्वाभिमान के लिए संघर्ष किया। 1576 के ऐतिहासिक हल्दीघाटी युद्ध का उल्लेख करते हुए वक्ताओं ने कहा कि महाराणा प्रताप और उनके प्रिय अश्व चेतक की वीरता एवं वफादारी आज भी देशवासियों को प्रेरित करती है।
मुख्य अतिथि विक्रम बहादुर सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल एक राजा नहीं, बल्कि राष्ट्र स्वाभिमान के अमर प्रतीक थे। उनका जीवन हमें अन्याय और गुलामी के खिलाफ संघर्ष करने की प्रेरणा देता है। वहीं अध्यक्षीय संबोधन में अजय सिंह ने समाज को एकजुट रहने और युवाओं को अपने इतिहास एवं गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में नीरज सिंह (ब्लॉक अध्यक्ष बिलरियागंज), अशोक सिंह, मनोज सिंह, भूपेंद्र सिंह, संतोष सिंह, शैलेन्द्र सिंह ‘पप्पू’, घनश्याम सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षत्रिय समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अंत में अध्यक्ष अजय सिंह ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा की।



