Azamgarh News: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला प्रमुख लालगंज को पितृ शोक, क्षेत्र में शोक की लहर

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला प्रमुख लालगंज को पितृ शोक, क्षेत्र में शोक की लहर
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज विकासखंड अंतर्गत श्रीनगर (सियरहां) गांव निवासी एवं ग्राम समाज पीजी कॉलेज जयस्थली बाबू की खजूरी मेहनगर के प्राचार्य डॉ. विजेंद्र राय तथा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद लालगंज के जिला प्रमुख के पिता 70 वर्षीय राम जी राय का निधन हो गया। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे और काफी दिनों से बिस्तर पर बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र, शिक्षण जगत एवं सामाजिक संगठनों में शोक की लहर दौड़ पड़ी।
स्वर्गीय राम जी राय अपने सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और सामाजिक व्यवहार के लिए क्षेत्र में अत्यंत सम्मानित माने जाते थे। उनके निधन से परिवार ही नहीं बल्कि गांव और समाज ने भी एक अभिभावक स्वरूप व्यक्तित्व को खो दिया है।
उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन हेतु पैतृक आवास पर रखा गया, जहां क्षेत्र के गणमान्य लोगों, शुभचिंतकों एवं संगठन के पदाधिकारियों का तांता लगा रहा। हर किसी की आंखें नम थीं और लोग शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते नजर आए।
इसके उपरांत उनके पार्थिव शरीर को दोहरीघाट स्थित मुक्तिधाम ले जाया गया, जहां पुत्र डॉ. विजेंद्र राय ने नम आंखों से मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार किया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता, भाजपा एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
शोक व्यक्त करने वालों में विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ भाजपा एवं विद्यार्थी परिषद के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।



