Azamgarh news :जिलाधिकारी ने जनपद में 250 पिंक प्रेरणा दीदी कैंटीन/फास्ट फूड सेंटर का किया शुभारंभ जिलाधिकारी

जिलाधिकारी ने जनपद में 250 पिंक प्रेरणा दीदी कैंटीन/फास्ट फूड सेंटर का किया शुभारंभ जिलाधिकारी

 

ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में दीदी कैंटीन एक महत्वपूर्ण कदम

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

मा० मुख्यमंत्री जी की मंशानुरूप जनपद आजमगढ़ में महिला स्वावलंबन एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने हेतु जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार द्वारा नवाचारों के क्रम में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को अनुदान के माध्यम से 250 “पिंक प्रेरणा दीदी कैंटीन/फास्ट फूड सेंटर” रूपी आधुनिक ठेले उपलब्ध कराए गए हैं। इस महत्वपूर्ण पहल के अंतर्गत कलेक्ट्रेट परिसर में प्रतीकात्मक रूप से 05 दीदी कैंटीन/फास्ट फूड सेंटरों का शुभारंभ जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार एवं मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना द्वारा फीता काटकर किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्थापित इन दीदी कैंटीनों/फास्ट फूड केंद्रों का मुख्य उद्देश्य स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को स्थानीय बाजारों में उद्यम स्थापित कर आजीविका संवर्धन हेतु अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को मुख्यधारा के व्यवसाय से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि सुनिश्चित की जाएगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के प्रयासों की सराहना की तथा कहा कि इन कैंटीनों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने महिलाओं को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि बेहतर सेवा एवं गुणवत्ता के माध्यम से ये केंद्र अपनी अलग पहचान स्थापित करेंगे।

मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना ने बताया कि प्रदेश स्तर पर यह एक अभिनव प्रयोग है, जिसके माध्यम से राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत जनपद की स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को “लखपति दीदी” बनाने की दिशा में अग्रसर किया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।

कलेक्ट्रेट परिसर में जिन 05 फास्ट फूड सेंटरों का शुभारंभ किया गया, उनमें विकास खंड रानी की सराय के ग्राम पंचायत लच्छीरामपुर स्थित चंद्रमुखी स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित “आयुष फास्ट फूड”, विकास खंड सठियांव के ग्राम पंचायत चरई स्थित शंकर स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित “रितिका फास्ट फूड”, विकास खंड सठियांव के ग्राम पंचायत केरमा स्थित कृतिका स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित “मौर्या फास्ट फूड”, विकास खंड पल्हनी के ग्राम पंचायत बुदैठा स्थित सहायता स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित “दीदी प्रेरणा कैंटीन” तथा विकास खंड अजमतगढ़ के ग्राम पंचायत नरहन खास में संचालित “पिंक प्रेरणा कैंटीन” शामिल हैं।

उद्घाटन के उपरांत अधिकारियों, मीडिया कर्मियों एवं आमजन द्वारा कैंटीनों से पकौड़ी, चाय, टिकिया, नींबू पानी, जूस आदि खाद्य पदार्थों की खरीद कर महिलाओं का उत्साहवर्धन किया गया। उपस्थित लोगों ने खाद्य पदार्थों के स्वाद एवं गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा कि इनमें घर जैसी शुद्धता एवं स्वाद का अनुभव हुआ।

इस अवसर पर उपायुक्त स्वतः रोजगार डॉ० अराधना त्रिपाठी, जिला सूचना अधिकारी डॉ० पंकज कुमार, जिला मिशन प्रबंधक सहित संबंधित विकास खंडों के ब्लॉक मिशन प्रबंधक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button