Azamgarh News: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर काल बनकर दौड़ी रफ्तार, आजमगढ़ में दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, खुशियां मातम में बदली

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर काल बनकर दौड़ी रफ्तार, आजमगढ़ में दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, खुशियां मातम में बदली

आजमगढ़। जनपद के कंधरापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार और एक पल की चूक ने एक हंसते-खेलते परिवार की पूरी दुनिया उजाड़ दी। एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 238.5 पर हुए इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पार्सल वाहन संख्या RJ 09 GB 6297 गाजीपुर से लखनऊ की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार संख्या HR 51 CW 5271 अचानक अनियंत्रित होकर पार्सल वाहन में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग बुरी तरह फंस गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद का दृश्य बेहद दर्दनाक था। आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
हादसे में मृत सभी लोग बिहार के सिवान जनपद के थाना सिसवन क्षेत्र के ग्राम गयासपुर निवासी बताए गए हैं। मृतकों में 43 वर्षीय मनीष कुमार श्रीवास्तव पुत्र प्रेम कुमार, उनकी पत्नी 40 वर्षीय कंचन देवी, 16 वर्षीय पुत्री आस्था कुमारी, 11 वर्षीय पुत्री अदिति तथा लगभग 20 वर्षीय उनका पुत्र शामिल है, जिसका नाम समाचार लिखे जाने तक स्पष्ट नहीं हो सका था।
बताया जा रहा है कि पूरा परिवार अपने गांव गयासपुर से फरीदाबाद जा रहा था, जहां परिवार की रोजी-रोटी जुड़ी हुई थी। किसी को क्या पता था कि घर से निकला यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। परिवार के सपने, बच्चों की मुस्कान और भविष्य की उम्मीदें कुछ ही सेकेंड में सड़क पर बिखर गईं।
घटना की सूचना मिलते ही कंधरापुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार भी अस्पताल एवं पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुट गई है।
हादसे के बाद कुछ समय तक पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर यातायात बाधित रहा। पुलिस और प्रशासन की टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की गहन जांच कर रही है।
इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार के खतरों को उजागर कर दिया है। एक परिवार जो बेहतर भविष्य और रोजी-रोटी की तलाश में सफर पर निकला था, वह कभी अपने मंजिल तक नहीं पहुंच सका। अब गांव गयासपुर में सिर्फ चीख-पुकार, मातम और अपनों को खोने का दर्द बाकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button