Azamgarh News: रील के लिए मौत से खेल!” हाईवे और एक्सप्रेस-वे पर युवाओं की खतरनाक स्टंटबाजी, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

“रील के लिए मौत से खेल!” हाईवे और एक्सप्रेस-वे पर युवाओं की खतरनाक स्टंटबाजी, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

आजमगढ़। सोशल मीडिया पर लाइक्स, फॉलोअर्स और वायरल होने की होड़ अब युवाओं की जान पर भारी पड़ती दिखाई दे रही है। जिले में इन दिनों हाईवे और एक्सप्रेस-वे पर खतरनाक स्टंटबाजी के कई वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें युवक खुलेआम यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और संबंधित युवकों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है।

वायरल वीडियो में कुछ युवक नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार बाइक दौड़ाते हुए स्टंट करते दिखाई दे रहे हैं। एक युवक बाइक का अगला पहिया उठाकर काफी दूर तक बाइक चलाता नजर आ रहा है। हैरानी की बात यह है कि स्टंट के दौरान सड़क पर अन्य वाहन भी गुजर रहे हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका साफ दिखाई दे रही है। थोड़ी सी चूक न केवल स्टंट करने वाले युवक बल्कि राहगीरों और अन्य वाहन चालकों की जान भी खतरे में डाल सकती है।

इसी क्रम में एक अन्य वीडियो में मॉडीफाई साइलेंसर लगी बाइक से आग की लपटें निकलती दिखाई दे रही हैं। यह न केवल मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन है बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा माना जा रहा है। तेज आवाज और आग उगलते साइलेंसर से सड़क पर चलने वाले लोगों में भय का माहौल बन रहा है।

वहीं पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के नीचे का भी एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में काले रंग की कई चार पहिया गाड़ियां दिखाई दे रही हैं, जिनमें कुछ वाहनों पर सत्ताधारी दल के स्टीकर भी लगे नजर आ रहे हैं। वीडियो में युवक चलती गाड़ियों की खिड़कियों से बाहर लटकते दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ युवक कार की छत पर खड़े होकर वीडियो बनवा रहे हैं। इस तरह की हरकतें सड़क सुरक्षा नियमों की खुली अवहेलना मानी जा रही हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता पाने के लिए युवा अपनी और दूसरों की जिंदगी को खतरे में डाल रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे स्टंटबाजों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।

हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है, लेकिन वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस विभाग मामले को गंभीरता से ले रहा है। इस संबंध में सीओ सिटी शुभम तोदी ने कहा कि सड़क पर स्टंट करना कानूनन अपराध है और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़कें स्टंट के लिए नहीं बल्कि सुरक्षित यातायात के लिए होती हैं। थोड़ी सी लापरवाही किसी परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन सकती है। ऐसे में युवाओं को समझदारी दिखाते हुए सोशल मीडिया की दिखावे वाली दुनिया से बाहर निकलकर अपनी और दूसरों की जिंदगी की कीमत समझनी होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button