Azamgarh News: बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण की सौगात, जैगहां से तोहफापुर तक चमकेगी विकास की राह

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण की सौगात, जैगहां से तोहफापुर तक चमकेगी विकास की राह
समाजसेवी हरिओम यादव और सूर्य प्रताप लाल श्रीवास्तव की पहल लाई रंग, ग्रामीणों में खुशी की लहर
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज विकासखंड अंतर्गत वर्षों से उपेक्षित पड़ी जैगहां से शेखूपुर बगवार नहर होते हुए तोहफापुर तक जाने वाली सड़क आखिरकार अब विकास की नई इबारत लिखने जा रही है। क्षेत्रीय जनता की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग, आजमगढ़ द्वारा सड़क निर्माण कार्य को स्वीकृति प्रदान कर ठेका सुपुर्द कर दिया गया, जिसके बाद 23 मई से विधिवत पूजन-अर्चन के साथ निर्माण कार्य का शुभारंभ कर दिया गया।
करीब 1 करोड़ 3 लाख रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क लगभग 2 किलोमीटर 640 मीटर लंबी होगी। सड़क निर्माण की खबर मिलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों का कहना है कि बरसों से जर्जर रास्ते और कीचड़ भरे मार्ग से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बरसात के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाते थे, जिससे आवागमन लगभग ठप हो जाता था। अब इस सड़क के बनने से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।
इस महत्वपूर्ण कार्य को धरातल तक पहुंचाने में समाजसेवी हरिओम यादव की भूमिका बेहद सराहनीय रही। उन्होंने लगातार अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से संपर्क बनाकर सड़क निर्माण की मांग को मजबूती से उठाया। क्षेत्र की जनता के हित में उनके अथक प्रयासों का ही परिणाम है कि आज यह सपना साकार होता नजर आ रहा है। ग्रामीणों ने हरिओम यादव के प्रयासों की खुले दिल से प्रशंसा करते हुए उन्हें जनता की आवाज बताया।
वहीं भाजपा बिलरियागंज मंडल उपाध्यक्ष सूर्य प्रताप लाल श्रीवास्तव ने भी सड़क निर्माण को लेकर निरंतर सक्रिय भूमिका निभाई। उनकी मंशा थी कि क्षेत्र की जनता को बेहतर सड़क सुविधा मिले ताकि जैगहां, बनकट और आसपास के गांवों के लोगों को आने-जाने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। उन्होंने कहा कि सड़क केवल रास्ता नहीं होती, बल्कि विकास और खुशहाली का माध्यम होती है।
सड़क निर्माण कार्य के शुभारंभ अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता विनोद यादव ने कार्यदायी संस्था को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि निर्माण कार्य पूरी पारदर्शिता और मानकों के अनुरूप कराया जाए, ताकि जनता को लंबे समय तक बेहतर सुविधा मिल सके। साथ ही उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता और कार्य की नियमित निगरानी करने की बात भी कही।
23 मई को विधि-विधान से पूजन के साथ निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता विनोद यादव, समाजसेवी हरिओम यादव, नवीन राय, समाजसेवी तथा आइडियल पत्रकार संगठन के सचिव संजय पांडे, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष सूर्य प्रताप लाल श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। लोगों ने कहा कि वर्षों बाद किसी ने उनकी पीड़ा को समझा और विकास की यह सौगात दी।



