Azamgarh News: बिजली उपभोक्ता के साथ कथित अन्याय पर एसडीओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

बिजली उपभोक्ता के साथ कथित अन्याय पर एसडीओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज

गलत बिल संशोधन और भ्रामक आख्या से उपभोक्ता परेशान, कार्रवाई से लोगों में जगी उम्मीद

आजमगढ़। आम जनता की गाढ़ी कमाई पर गलत बिजली बिल का बोझ डालने और शिकायत के बावजूद न्याय न मिलने का मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है। विद्युत विभाग के एक उपखण्ड अधिकारी के खिलाफ बिजली बिल में कथित अनियमित संशोधन करने तथा IGRS पोर्टल पर भ्रामक और असत्य आख्या देने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई के बाद आम उपभोक्ताओं में न्याय की उम्मीद जगी है।

मामला विद्युत वितरण उपखण्ड-माहुल का है, जहां तैनात उपखण्ड अधिकारी महेश कुमार गुप्ता पर ग्राम पकड़ी, पोस्ट अहिरौला निवासी उपभोक्ता सच्चिदानन्द गुप्ता के बिजली बिल में बिना किसी वैध आधार के संशोधन करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि इस कथित गड़बड़ी से उपभोक्ता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा और वह मानसिक रूप से भी परेशान रहा।

पीड़ित उपभोक्ता ने जब न्याय की उम्मीद में IGRS पोर्टल पर शिकायत संख्या 40019125044800 दर्ज कराई, तब भी उसे राहत नहीं मिली। आरोप है कि शिकायत के निस्तारण में तथ्यों को छिपाते हुए भ्रामक एवं असत्य आख्या प्रस्तुत कर मामले को दबाने का प्रयास किया गया।

इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिशासी अभियन्ता विद्युत वितरण खण्ड-चतुर्थ, फूलपुर एच. के. प्रजापति ने थाना माहुल में तहरीर देकर संबंधित अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीणों और बिजली उपभोक्ताओं का कहना है कि अक्सर गलत बिजली बिल और विभागीय लापरवाही से आम जनता परेशान रहती है, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो पाती। ऐसे में इस कार्रवाई से लोगों में यह उम्मीद जगी है कि अब उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषियों पर कार्रवाई होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button