Azamgarh News: गंगा दशहरा पर भैरव धाम मेले में उमड़ा श्रद्धालुओं का हुजूम

गंगा दशहरा पर भैरव धाम मेले में उमड़ा श्रद्धालुओं का हुजूम
रिपोर्ट : कमलाकांत शुक्ल, महराजगंज (आजमगढ़)
स्थानीय नगर पंचायत स्थित बाबा भैरव धाम में गंगा दशहरा के अवसर पर मंगलवार से शुरू पांच दिवसीय मेले में काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने पवित्र सरोवर में स्नान कर पुण्य लाभ के साथ मेले का आनंद लिया । हालांकि भीषण गर्मी व महंगाई का असर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या पर साफ नजर आता दिखा ।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार गंगा दशहरा के दिन ही मां गंगा पृथ्वी पर अवतरित हुई थी इसी श्रद्धा और विश्वास के साथ श्रद्धालु गंगा दशहरा पर स्नान कर अपने परिवार की कामयाबी व खुशहाली के लिए मां गंगा से कामना करते हैं । इस मौके पर प्रत्येक वर्ष धाम पर पांच दिवसी मेला लगता है । जिसमें काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पवित्र सरोवर में स्नान किया तथा बाबा भैरवनाथ के श्री चरणों में फूल, माला, काली मिर्च की बोरियां व नारियल, चुनरी अर्पित करते हुए अपने परिवार की संपन्नता व खुशहाली के लिए याचना किया । मेले में आने वाली भीड़ को देखते हुए काफी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी तथा नगर प्रशासन द्वारा मंदिर परिसर में लगे सीसी कैमरों से बराबर निगरानी की जाती रही । जिन परिवारों में बीते दिनों मांगलिक कार्य संपन्न हुए थे उस परिवार की महिलाओं ने बाबा के श्री चरणों में हलवा, पुरी भी चढ़ाया । बच्चों व महिलाओं ने झूले व चटपटे व्यंजनों का आनंद लेते हुए श्रृंगार के सामानों व खिलौनों की खरीदारी किया वहीं काफी संख्या में लोगों ने कृषि व घरेलू उपयोग के सामानों की खरीदारी भी किया ।



