Azamgarh News: चिलचिलाती धूप में आंखों की हिफाजत बेहद जरूरी, छोटी लापरवाही बन सकती है बड़ी परेशानी

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
चिलचिलाती धूप में आंखों की हिफाजत बेहद जरूरी, छोटी लापरवाही बन सकती है बड़ी परेशानी
आजमगढ़ जनपद स्थित बिलरियागंज के प्रसिद्ध नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. वी.के. यादव ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में आंखें सबसे अधिक प्रभावित होती हैं, क्योंकि तेज धूप, गर्म हवाएं, धूल और पसीना आंखों में जलन, लालपन, सूखापन और संक्रमण जैसी समस्याओं को तेजी से बढ़ा देते हैं। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही आंखों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन सकती है। बिलरियागंज स्थित अपने क्लीनिक पर मरीजों को जागरूक करते हुए डॉ. यादव ने कहा कि लोग अक्सर शरीर और त्वचा की सुरक्षा पर ध्यान देते हैं, लेकिन आंखों को नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि आंखें शरीर का सबसे संवेदनशील अंग हैं। उन्होंने बताया कि लगातार तेज धूप और अल्ट्रावॉयलेट (UV) किरणों के संपर्क में रहने से आंखों में एलर्जी, जलन, पानी आना, लालिमा, चुभन और कंजंक्टिवाइटिस जैसी बीमारियां हो सकती हैं।
Azamgarh news:गैंगस्टर एक्ट में फरार ₹50 हजार का इनामिया गिरफ्तार,आजमगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता
डॉ. वी.के. यादव ने सलाह दी कि धूप में बाहर निकलते समय हमेशा UV-प्रोटेक्शन वाले अच्छे सनग्लास का इस्तेमाल करें। इसके साथ ही छाता या टोपी का उपयोग भी आंखों को तेज धूप से बचाने में मददगार होता है। उन्होंने कहा कि धूल भरी हवा या बाइक चलाते समय सुरक्षात्मक चश्मा पहनना बेहद जरूरी है, ताकि धूल और गर्म हवा का सीधा असर आंखों पर न पड़े।
उन्होंने लोगों को बार-बार गंदे हाथों से आंखें छूने से बचने की सलाह दी। उनका कहना था कि ऐसा करने से संक्रमण का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। यदि आंखों में जलन या चुभन महसूस हो तो आंखों को रगड़ने के बजाय साफ और मुलायम कपड़े से हल्के हाथों से साफ करें। उन्होंने यह भी बताया कि दिन में तीन से चार बार ठंडे पानी से आंखों पर हल्के छींटे मारने से आंखों को राहत और ठंडक मिलती है, लेकिन बहुत ठंडा या बर्फ वाला पानी सीधे आंखों में नहीं डालना चाहिए।
डॉ. यादव ने कहा कि गर्मी में शरीर में पानी की कमी होने से आंखों में सूखापन बढ़ जाता है। इसलिए दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है। यदि आंखों में ज्यादा सूखापन या जलन महसूस हो तो डॉक्टर की सलाह से lubricating eye drops का उपयोग किया जा सकता है।
Azamgarh news:तहसील में तैनात राजस्व निरिक्षक घुस लेते वीडियो वायरल।
उन्होंने मोबाइल, लैपटॉप और टीवी स्क्रीन का लगातार लंबे समय तक उपयोग करने से भी बचने की सलाह दी। उनका कहना था कि लगातार स्क्रीन देखने से आंखों पर दबाव बढ़ता है, इसलिए बीच-बीच में आंखों को आराम देना चाहिए। साथ ही पर्याप्त नींद लेना भी आंखों की सेहत के लिए बेहद आवश्यक है। प्रतिदिन 8 से 9 घंटे की नींद आंखों को स्वस्थ बनाए रखने में मदद करती है।
खानपान को लेकर भी डॉ. यादव ने लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि ताजे फल, हरी सब्जियां और विटामिन-ई युक्त खाद्य पदार्थ आंखों की रोशनी और सेहत दोनों के लिए लाभकारी होते हैं। गाजर, खीरा, तरबूज, संतरा जैसी चीजें गर्मी में आंखों को प्राकृतिक रूप से फायदा पहुंचाती हैं।
पेट काटकर जनता बचाए, मोदीशाही अमेरिका की भेंट चढ़ाए!
अंत में डॉ. वी.के. यादव ने कहा,
“अगर आंखें स्वस्थ हैं, तभी दुनिया खूबसूरत दिखती है। इसलिए इस भीषण गर्मी में आंखों की सुरक्षा को आदत बनाइए। थोड़ी सी सावधानी आपकी नजर को लंबे समय तक सुरक्षित रख सकती है।”
उन्होंने यह भी सलाह दी कि यदि आंखों में लगातार लालपन, दर्द, धुंधला दिखाई देना या पानी आने जैसी समस्या बनी रहे, तो तुरंत किसी नेत्र विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए।



