Azamgarh news :नई किरण प्रोजेक्ट के तहत एक परिवार में कराया गया समझौता
नई किरण प्रोजेक्ट के तहत एक परिवार में कराया गया समझौता

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
श्रीमान् वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जनपद आजमगढ़ के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक यातायात/नोडल अधिकारी महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन के पर्यवेक्षण में आज दिनांक 02.06.2026 को थाना कोतवाली, जनपद आजमगढ़ परिसर स्थित परिवार परामर्श प्रकोष्ठ/नई किरण की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कुल 05 पत्रावलियों में दोनों पक्षों को फोन एवं नोटिस के माध्यम से सूचित कर मध्यस्थता (मिडिएशन) हेतु बुलाया गया था, जिनमें 04 पत्रावलियों में दोनों पक्ष उपस्थित हुए। काउन्सलरों द्वारा दोनों पक्षों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनकी व्यक्तिगत एवं संयुक्त काउन्सलिंग की गई।
मध्यस्थता के दौरान 01 पत्रावली में अथक प्रयास, समझाइश एवं सकारात्मक संवाद के माध्यम से सफल समझौता कराया गया। प्रकरण में आवेदिका द्वारा पति पर शराब पीकर गाली-गलौज, मारपीट करने तथा भरण-पोषण हेतु खर्च न देने का आरोप लगाया गया था। काउन्सलरों द्वारा दोनों पक्षों को एक साथ एवं अलग-अलग समझाते हुए पारिवारिक जीवन के महत्व, आपसी संवाद एवं दायित्वों के प्रति जागरूक किया गया, जिसके फलस्वरूप दोनों पक्ष पुनः साथ रहने एवं पारिवारिक जीवन को सौहार्दपूर्ण ढंग से संचालित करने पर सहमत हुए।
शेष पत्रावलियों में दोनों पक्षों को अग्रिम तिथि के लिए फोन एवं नोटिस के माध्यम से सूचित कर पुनः मिडिएशन की कार्यवाही की जाएगी।
नई किरण प्रोजेक्ट का उद्देश्य पारिवारिक विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कर बिखरते परिवारों को पुनः एक सूत्र में जोड़ना है। यह पहल न केवल परिवारों में नई आशा और विश्वास का संचार कर रही है, बल्कि माननीय पारिवारिक न्यायालयों के कार्यभार को कम करने में भी सहायक सिद्ध हो रही है।



