Azamgarh News:जिलाधिकारी की पहल से साकार हुआ ब्लड बैंक विस्तार, 10 बेड का आधुनिक डोनेशन सेंटर जल्द होगा शुरू

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

 

जिलाधिकारी की पहल से साकार हुआ ब्लड बैंक विस्तार, 10 बेड का आधुनिक डोनेशन सेंटर जल्द होगा शुरू

 

आजमगढ़ जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार की परिकल्पना एवं निरंतर प्रयासों से मंडलीय जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक के विस्तार का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। नवनिर्मित विस्तारित ब्लड बैंक भवन में आधुनिक सुविधाओं से युक्त 10 बेड का ब्लड डोनेशन सेंटर तैयार कर लिया गया है, जिसके आगामी दो से तीन दिनों में पूर्ण रूप से संचालित होने की संभावना है।

सोमवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने ब्लड बैंक परिसर का औचक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन की संरचना, विद्युत व्यवस्था, उपकरणों की उपलब्धता तथा शेष कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि ब्लड बैंक विस्तार के तहत निर्मित नया भवन पूरी तरह तैयार हो चुका है। भवन में फ्लोरिंग, विद्युत व्यवस्था सहित सभी आवश्यक आधारभूत निर्माण कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। पंखों की स्थापना की जा चुकी है तथा वातानुकूलन (एसी) की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके अलावा रक्त संग्रहण एवं रक्तदान से संबंधित आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है और शेष उपकरणों की स्थापना भी अगले दो से तीन दिनों में पूरी कर ली जाएगी।

उन्होंने बताया कि नए भवन में 10 बेड का आधुनिक ब्लड डोनेशन सेंटर स्थापित किया गया है, जहां रक्तदाताओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण में रक्तदान की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे जनपद में रक्त संग्रहण क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी तथा जरूरतमंद मरीजों को समय पर सुरक्षित रक्त उपलब्ध कराने की व्यवस्था और अधिक प्रभावी बन सकेगी।

निरीक्षण के दौरान डॉ. वर्मा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भवन की आंतरिक साज-सज्जा, पर्दों की स्थापना एवं अन्य अवशेष कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण कराया जाए, ताकि विस्तारित ब्लड बैंक को निर्धारित समय में आमजन के लिए संचालित किया जा सके।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार के मार्गदर्शन और विशेष रुचि के चलते यह महत्वपूर्ण परियोजना साकार हो सकी है। इसके शुरू होने से जनपद में रक्तदान को बढ़ावा मिलेगा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्राप्त होगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विस्तारित ब्लड बैंक भविष्य में आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों के लिए जीवनरक्षक सुविधा साबित होगा तथा जनपदवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button