Azamgarh News:बुलेट और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बिजलीकर्मी गंभीर बुलेट सवार फरार

बुलेट और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बिजलीकर्मी गंभीर बुलेट सवार फरार

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

सेठारी गांव के पास बुलेट और बाइक में जोरदार भिड़ंत, अज्ञात बुलेट सवार फरार; निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा गरीब परिवार का सहारा

आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के सेठारी गांव के पास मंगलवार को बुलेट और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में बाइक सवार गोपाल उपाध्याय (36) गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बुलेट सवार अज्ञात व्यक्ति मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायल को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। फिलहाल रिश्तेदारों और ग्रामीणों के सहयोग से आजमगढ़ के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

गोपाल उपाध्याय पुत्र स्वर्गीय ईश्वर उपाध्याय, कंधरापुर थाना क्षेत्र के देवई रसूलपुर गांव के निवासी हैं। वह बिजली विभाग में संविदा पर मीटर लगाने का काम करते हैं और बिलरियागंज रिपोर्टिंग के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सेठारी गांव के पास हादसे का शिकार हो गए।

गोपाल उपाध्याय की जिंदगी पहले से ही संघर्षों से भरी रही है। उनके माता-पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं और परिवार में दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर बताई जा रही है। ऐसे में परिवार के एकमात्र सहारे के गंभीर रूप से घायल होने से बच्चों के भविष्य और परिवार के भरण-पोषण को लेकर चिंता बढ़ गई है।

हादसे के बाद रिश्तेदार और ग्रामीण अपनी सामर्थ्य के अनुसार इलाज में सहयोग कर रहे हैं। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती गोपाल के परिवार को अब मदद की दरकार है। एक सड़क हादसे ने गरीब परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button