Azamgarh News: यक्ष ऐप और फेस रिकग्निशन से बरदह पुलिस ने पकड़ा 3.22 लाख का झपटमार*

*यक्ष ऐप और फेस रिकग्निशन से बरदह पुलिस ने पकड़ा 3.22 लाख का झपटमार*
*ठेकमा, आजमगढ़*। थाना बरदह पुलिस ने आधुनिक तकनीक की मदद से झपटमारी की सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश किया है। यक्ष ऐप, फेस रिकग्निशन तकनीक और सीसीटीवी फुटेज के सहारे पुलिस ने अंतरजनपदीय शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर 2.56 लाख रुपये बरामद किए हैं।
पीड़ित राजपति यादव निवासी खैरपुर जगजीवन, थाना रानी की सराय ने 2 जून को तहरीर दी थी। उनका आरोप था कि 1 जून को जौनपुर में शराब बिक्री की 3,22,060 रुपये की धनराशि लेकर आजमगढ़ जा रहे थे। ठेकमा बाजार के पास भगवानपुर नहर पुलिया के समीप लिफ्ट देने वाले युवक ने बैग छीनकर फरार हो गया।
एसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने यक्ष ऐप के माध्यम से सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया। फेस रिकग्निशन तकनीक से आरोपी की पहचान जौनपुर जनपद के चंदवक थाना क्षेत्र निवासी राजेश चौहान के रूप में हुई।
मुखबिर की सूचना पर सोमवार को शंकरपुर-हरिश्चंद्रपुर पुलिया के पास से राजेश को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से झपटी गई धनराशि में से 2.56 लाख रुपये नगद, एक अवैध तमंचा .315 बोर, जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की होंडा यूनिकॉर्न मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ झपटमारी और आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। अधिकारियों ने कहा कि यक्ष ऐप ने आरोपी की पहचान और जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश पुलिस की तकनीक आधारित पुलिसिंग का उदाहरण है।



