Azamgarh News:श्रद्धा के केंद्र दान शनिचरा मंदिर पर स्वामित्व विवाद की जांच तेज, एसडीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

साक्ष्य प्रस्तुत करने के निर्देश, अंतिम निर्णय तक यथास्थिति बनाए रखने का आदेश

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

श्रद्धा के केंद्र दान शनिचरा मंदिर पर स्वामित्व विवाद की जांच तेज, एसडीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण

साक्ष्य प्रस्तुत करने के निर्देश, अंतिम निर्णय तक यथास्थिति बनाए रखने का आदेश

आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज क्षेत्र की आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र माने जाने वाले दान शनिचरा मंदिर के स्वामित्व को लेकर चल रहे विवाद की जांच अब प्रशासनिक स्तर पर तेज हो गई है। सोमवार की शाम उपजिलाधिकारी सगड़ी श्याम प्रताप सिंह स्वयं मंदिर परिसर पहुंचे और मौके पर पहुंचकर पूरे मामले का स्थलीय निरीक्षण किया।

मंदिर परिसर में मौजूद ग्रामीणों, श्रद्धालुओं और दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों से एसडीएम ने विस्तार से बातचीत कर उनकी बातें सुनीं। इस दौरान सभी पक्षों ने मंदिर के स्वामित्व को लेकर अपने-अपने दावे और तर्क प्रशासन के समक्ष रखे। वर्षों से क्षेत्रवासियों की आस्था का केंद्र रहे इस मंदिर को लेकर चल रहे विवाद के कारण स्थानीय लोगों में भी काफी उत्सुकता और चिंता देखी गई।

उपजिलाधिकारी ने निष्पक्ष और पारदर्शी जांच का भरोसा देते हुए सभी संबंधित पक्षों को आगामी बुधवार तक अपने-अपने साक्ष्य, अभिलेख एवं दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अभी मंदिर के स्वामित्व के संबंध में कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। सभी दस्तावेजों और साक्ष्यों का गहन परीक्षण करने तथा सभी पक्षों की सुनवाई के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने विवाद को देखते हुए फिलहाल मंदिर परिसर में यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो सके। अधिकारियों ने लोगों से शांति, संयम और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील भी की।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी सगड़ी अनिल कुमार, नायब तहसीलदार आदर्श सिंह सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। प्रशासन पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है, जबकि क्षेत्र के श्रद्धालु अब प्रशासनिक जांच के निष्पक्ष निष्कर्ष का इंतजार कर रहे हैं, ताकि आस्था के इस केंद्र से जुड़ा विवाद शांतिपूर्ण ढंग से सुलझ सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button