Azamgarh News: मान्यता दिलाने के नाम पर घूसखोरी का भंडाफोड़, 10 हजार रुपये रिश्वत लेते शिक्षा विभाग का बाबू गिरफ्तार

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

मान्यता दिलाने के नाम पर घूसखोरी का भंडाफोड़, 10 हजार रुपये रिश्वत लेते शिक्षा विभाग का बाबू गिरफ्तार

आजमगढ़ जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय में तैनात एक कनिष्ठ सहायक को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया और पूरे दिन कार्यालय परिसर में मामले की चर्चा होती रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीएसए कार्यालय में कार्यरत कनिष्ठ सहायक आकाश यादव पर एक विद्यालय की मान्यता संबंधी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप था। विद्यालय संचालक से कथित तौर पर 10 हजार रुपये की मांग की गई थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन संगठन से की, जिसके बाद टीम ने मामले का सत्यापन कराया।
शिकायत सही पाए जाने पर एंटी करप्शन टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। बुधवार को जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी को तय रकम सौंपी, टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथ दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को टीम अपने साथ ले गई और आवश्यक पूछताछ के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
इस कार्रवाई की सूचना मिलते ही शिक्षा विभाग में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कर्मचारी और अधिकारी पूरे दिन घटना को लेकर चर्चा करते रहे। वहीं, एंटी करप्शन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा दोषी पाए जाने वाले किसी भी कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी कर्मचारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। एंटी करप्शन टीम की इस कार्रवाई को सरकारी तंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button