Azamgarh News:कार्डधारकों को 3 किलो कम राशन देने का खुलासा, कोटेदार पर गिरी गाज

आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय

कार्डधारकों को 3 किलो कम राशन देने का खुलासा, कोटेदार पर गिरी गाज

आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत देवई रसूलपुर में खाद्यान्न वितरण में गंभीर अनियमितताओं का खुलासा होने के बाद पूर्ति निरीक्षक संतोष शर्मा के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई करते हुए उचित दर विक्रेता श्रीमती सरिता देवी का अनुबंध तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जांच में सामने आया कि कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा से 3 किलोग्राम कम राशन वितरित किया जा रहा था तथा लाभार्थियों से पहले अंगूठा लगवाकर बाद में खाद्यान्न दिया जाता था। पूर्ति निरीक्षक संतोष शर्मा की जांच में यह भी पाया गया कि ई-पॉश मशीन से जुड़ी वेइंग मशीन का नियम विरुद्ध उपयोग कर बायोमेट्रिक सत्यापन कराया जा रहा था। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों को आईसीडीएस एवं हॉट कुक्ड योजना का खाद्यान्न भी उपलब्ध नहीं कराया गया। दुकान पर स्टॉक बोर्ड, रेट बोर्ड, सूचना पट्ट और लाभार्थियों की सूची भी प्रदर्शित नहीं मिली।

बताया गया कि एक माह पूर्व भी वितरण शून्य पाए जाने पर दुकान की जांच की गई थी। उस समय विक्रेता पर 5 हजार रुपये का अर्थदंड लगाते हुए चेतावनी दी गई थी, लेकिन न तो अर्थदंड जमा किया गया और न ही कार्यप्रणाली में सुधार किया गया। जांच रिपोर्ट में विक्रेता को बार-बार गंभीर अनियमितताएं करने का दोषी पाया गया।

जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद श्रीमती सरिता देवी की उचित दर दुकान का अनुबंध निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उन्हें आरोपों के संबंध में निर्धारित अवधि के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

राशन वितरण व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए देवई रसूलपुर के सभी कार्डधारकों को अस्थायी रूप से ग्राम पंचायत कन्धरापुर के उचित दर विक्रेता श्री फौजदार यादव की दुकान से संबद्ध कर दिया गया है। उन्हें सभी पात्र लाभार्थियों को ई-पॉश मशीन के माध्यम से नियमानुसार खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button