Azamgarh News:मुख्यमंत्री अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग योजना हेतु अतिथि व्याख्याताओं से आवेदन आमंत्रित

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय

मुख्यमंत्री अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग योजना हेतु अतिथि व्याख्याताओं से आवेदन आमंत्रित

आजमगढ़, 16 जून 2026/

समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग योजना के अंतर्गत यूपीएससी, यूपीपीएससी, नीट, जेईई, एनडीए, सीडीएस एवं एसएससी/बैंकिंग परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अतिथि व्याख्याताओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

 

जिला समाज कल्याण अधिकारी चेतन सिंह ने बताया कि विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ अतिथि व्याख्याताओं की आवश्यकता है। चयनित व्याख्याताओं को प्रति व्याख्यान 2000 रुपये अथवा कार्मिक विभाग द्वारा समय-समय पर निर्धारित मानदेय, जो भी अनुमन्य होगा, का भुगतान किया जाएगा। प्रत्येक व्याख्यान की अवधि 90 मिनट निर्धारित की गई है।

 

उन्होंने बताया कि यूपीएससी/यूपीपीएससी (सिविल सेवा) के लिए विश्वविद्यालय अथवा राजकीय डिग्री कॉलेज के शिक्षक, यूपीएससी मुख्य परीक्षा या पीसीएस साक्षात्कार उत्तीर्ण अभ्यर्थी अथवा दो बार पीसीएस मुख्य परीक्षा में सम्मिलित अभ्यर्थी पात्र होंगे। वहीं नीट एवं जेईई विषयों के लिए संबंधित विषय में प्रथम श्रेणी से स्नातकोत्तर अथवा निर्धारित योग्यता वाले अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। सामान्य हिंदी एवं अंग्रेजी विषयों के लिए परास्नातक उपाधि के साथ न्यूनतम तीन वर्ष का अध्यापन अनुभव आवश्यक होगा।

 

कोचिंग के अंतर्गत इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र, भारतीय राजव्यवस्था एवं अंतरराष्ट्रीय संबंध, सामान्य विज्ञान, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, नीतिशास्त्र, सीसैट, यूपी विशेष, पर्यावरण, करेंट अफेयर्स, गणित, रीजनिंग, हिंदी एवं अंग्रेजी सहित विभिन्न विषयों का अध्यापन कराया जाएगा। नीट एवं जेईई के लिए भौतिक विज्ञान, जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान तथा गणित विषयों के विशेषज्ञों की आवश्यकता है।

 

इच्छुक अभ्यर्थी 15 जून 2026 से 30 जून 2026 तक प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 2:00 बजे के बीच मुख्यमंत्री अभ्युदय निःशुल्क कोचिंग केंद्र, अम्बेडकर पुस्तकालय भवन, ब्रह्मस्थान (निकट स्टेडियम), आजमगढ़ में आवेदन पत्र प्राप्त एवं जमा कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए कोर्स को-ऑर्डिनेटर संदीप कुमार राय के मोबाइल नंबर 9389890370 पर संपर्क किया जा सकता है।

 

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने योग्य एवं अनुभवी विषय विशेषज्ञों से योजना से जुड़कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में योगदान देने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button