Azamgarh news :बिना परमिट अवैध रूप से सवारी ढोने एवं ब्रिज के नीचे अवैध वाहन स्टैंड संचालित करने वाले 20 व्यक्तियों पर पुलिस ने किया कार्रवाई
बिना परमिट अवैध रूप से सवारी ढोने एवं ब्रिज के नीचे अवैध वाहन स्टैंड संचालित करने वाले 20 व्यक्तियों पर पुलिस ने किया कार्रवाई

भवरनाथ चौराहा व सेहदा अंडरपास पर विशेष अभियान, शांति एवं यातायात व्यवस्था प्रभावित करने वाले 20 व्यक्तियों का धारा 170/126/135 बीएनएसएस में चालान
आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ० अनिल कुमार के निर्देशन में, क्षेत्राधिकारी नगर श्री शुभम तोदी के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी कंधरापुर के नेतृत्व में दिनांक 19.06.2026 को अवैध रूप से संचालित यात्री वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान थाना कंधरापुर क्षेत्रान्तर्गत भवरनाथ चौराहा एवं सेहदा अंडरपास के पास पुलिस टीम द्वारा सघन चेकिंग की गई। जांच में पाया गया कि कई चारपहिया वाहन चालक बिना वैध परमिट एवं आवश्यक अभिलेखों के अवैध रूप से सवारी (यात्री) ढो रहे थे तथा ब्रिज/अंडरपास के नीचे अनधिकृत रूप से वाहन खड़े कर अवैध वाहन स्टैंड का संचालन कर रहे थे। इसके कारण यातायात बाधित हो रहा था तथा आमजन को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
जांच के दौरान यह भी पाया गया कि सवारी बैठाने को लेकर वाहन चालकों के बीच अक्सर आपसी विवाद, गाली-गलौज एवं हाथापाई की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी तथा यात्रियों से भी किराया एवं सवारी बैठाने को लेकर वाद-विवाद किया जाता था। ऐसी गतिविधियों से क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित होने एवं किसी अप्रिय घटना की संभावना बनी रहती थी।
वाहनों के कागजात एवं परिवहन संबंधी अभिलेखों की जांच किए जाने पर चालक आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके फलस्वरूप 21 वाहनों को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत सीज किया गया। साथ ही शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका के दृष्टिगत 20 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर धारा 170/126/135 बीएनएसएस के अंतर्गत चालानी कार्रवाई कर माननीय न्यायालय प्रेषित किया गया।
चालानशुदा व्यक्तियों का विवरण
कार्रवाई के दौरान दुर्गेश राय, प्रिंस यादव उर्फ बृजेश यादव, मोहम्मद साहिद, अभिषेक सिंह तोमर, विवेक सिंह, दुर्गा राय, शिवकुमार यादव, संतोष चौरसिया, दिनेश गौड़, आनन्द यादव, मोहम्मद इमरान, कमलेश यादव, ईसा हाशमी, हिमांचल सिंह, शफीक अंसारी, शशिकान्त, विमलेश सिंह, कपिल पासवान, शिवम यादव तथा तेजबहादुर यादव को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई।
व0उ0नि0 धर्मेन्द्र कुमार सिंह, यातायात पुलिस एवं थाना कंधरापुर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा उक्त अभियान सफलतापूर्वक संपादित किया गया, जिसमें थाना एवं यातायात शाखा के अनेक अधिकारी/कर्मचारी शामिल रहे।
बिना वैध परमिट एवं आवश्यक अभिलेखों के यात्री वाहन संचालन करना तथा सार्वजनिक स्थलों पर अनधिकृत वाहन स्टैंड संचालित करना दण्डनीय है। जनपद पुलिस द्वारा ऐसे अवैध कार्यों के विरुद्ध भविष्य में भी सघन अभियान चलाकर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाती रहेगी।



