Azamgarh News:योग सप्ताह के पांचवें दिन सरकारी एवं कारपोरेट कार्यालयों में आयोजित हुए सामूहिक योग सत्र
योग सप्ताह के पांचवें दिन सरकारी एवं कारपोरेट कार्यालयों में आयोजित हुए सामूहिक योग सत्र
20 जून को महाविद्यालयों एवं चिकित्सालयों में कुमारी, गर्भवती, कामकाजी एवं प्रौढ़ महिलाओं हेतु आयोजित होंगे विशेष योग कार्यक्रम
आजमगढ़, 19 जून 2026।
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में जनपद में आयोजित योग सप्ताह का सफल संचालन जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में किया जा रहा है। योग सप्ताह के अंतर्गत जनपदीय कार्यक्रम महर्षि चंद्रमा ऋषि आश्रम, सिलनी सहित जनपद की समस्त तहसीलों, विकास खण्डों, नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों में व्यापक स्तर पर विविध योग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
योग सप्ताह के पांचवें दिन 19 जून को निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार जनपद के सभी सरकारी एवं कारपोरेट कार्यालयों में सामूहिक योगाभ्यास शिविरों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।
योग प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन सहित विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया। साथ ही योग के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन, तनाव प्रबंधन एवं आध्यात्मिक उन्नयन के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। प्रतिभागियों को नियमित योगाभ्यास के लाभों से भी अवगत कराया गया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन का आधार प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि योग सप्ताह के माध्यम से जन-जन तक योग का संदेश पहुंचाया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक लोग योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाकर निरोग एवं स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो सकें।
उन्होंने बताया कि योग सप्ताह के छठवें दिन 20 जून को जनपद के विभिन्न महाविद्यालयों एवं चिकित्सालयों में कुमारी, गर्भवती, कामकाजी एवं प्रौढ़ महिलाओं के स्वास्थ्य संवर्धन एवं विशेष आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विशेष योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को योग के विभिन्न आयामों एवं स्वास्थ्य लाभों के संबंध में जागरूक किया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे योग सप्ताह के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें तथा 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रमों में सम्मिलित होकर योग को जन-आंदोलन बनाने में अपना योगदान दें।
योग सप्ताह के दौरान जनपदभर में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से स्वास्थ्य, जागरूकता एवं जनसहभागिता का वातावरण निर्मित हो रहा है तथा योग के प्रति लोगों में निरंतर उत्साह एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो रहा है।



