Azamgarh News:भंवरनाथ चौराहा व सेहदा अंडरपास पर पुलिस का बड़ा अभियान, 21 वाहन सीज, 20 लोगों पर कार्रवाई
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
भंवरनाथ चौराहा व सेहदा अंडरपास पर पुलिस का बड़ा अभियान, 21 वाहन सीज, 20 लोगों पर कार्रवाई
आजमगढ़ जनपद में अवैध रूप से सवारी ढोने वाले वाहनों एवं अनधिकृत वाहन स्टैंड संचालकों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 चारपहिया वाहनों को सीज कर दिया, जबकि 20 व्यक्तियों के खिलाफ शांति भंग की आशंका में चालानी कार्रवाई की गई। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर थाना कंधरापुर क्षेत्र में चलाया गया।
शुक्रवार को क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी के पर्यवेक्षण एवं थाना प्रभारी कंधरापुर के नेतृत्व में भंवरनाथ चौराहा तथा सेहदा अंडरपास के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान कई वाहन चालक बिना वैध परमिट और आवश्यक दस्तावेजों के यात्रियों को ढोते पाए गए। साथ ही ब्रिज और अंडरपास के नीचे अवैध रूप से वाहन खड़े कर अनधिकृत वाहन स्टैंड संचालित किए जा रहे थे, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि सवारी बैठाने को लेकर वाहन चालकों के बीच अक्सर विवाद, गाली-गलौज और हाथापाई जैसी स्थितियां उत्पन्न हो जाती थीं। कई बार यात्रियों से किराया और सीट को लेकर भी विवाद की शिकायतें मिल रही थीं, जिससे क्षेत्र की कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी रहती थी।
वाहनों के दस्तावेजों की जांच के दौरान चालक आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके चलते पुलिस ने 21 वाहनों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया। वहीं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से 20 व्यक्तियों को हिरासत में लेकर बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत चालान कर न्यायालय भेज दिया गया।
कार्रवाई के दौरान दुर्गेश राय, प्रिंस यादव उर्फ बृजेश यादव, मोहम्मद साहिद, अभिषेक सिंह तोमर, विवेक सिंह, दुर्गा राय, शिवकुमार यादव, संतोष चौरसिया, दिनेश गौड़, आनंद यादव, मोहम्मद इमरान, कमलेश यादव, ईसा हाशमी, हिमांचल सिंह, शफीक अंसारी, शशिकांत, विमलेश सिंह, कपिल पासवान, शिवम यादव तथा तेजबहादुर यादव के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह, यातायात पुलिस एवं थाना कंधरापुर की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि बिना वैध परमिट एवं आवश्यक अभिलेखों के यात्री वाहन संचालन न करें तथा सार्वजनिक स्थलों पर अवैध वाहन स्टैंड का संचालन न करें। ऐसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



