Azamgarh news :ऑपरेशन वज्रपात: सोशल मीडिया पर रंगबाजी दिखाने वाले चार युवकों पर पुलिस की कार्रवाई

ऑपरेशन वज्रपात: सोशल मीडिया पर रंगबाजी दिखाने वाले चार युवकों पर पुलिस की कार्रवाई

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

जनपद आजमगढ़ में सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन, गैंग संस्कृति का प्रचार-प्रसार और आपत्तिजनक पोस्ट के माध्यम से रौब गांठने वाले युवकों के खिलाफ पुलिस का विशेष अभियान “ऑपरेशन वज्रपात” लगातार जारी है। इसी क्रम में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चार युवकों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई तथा अभिभावकों की मौजूदगी में काउंसलिंग कर भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जहानागंज पुलिस ने सोशल मीडिया पर हॉकी और फरसा लेकर रील बनाकर वायरल करने वाले कड़ासर निवासी 22 वर्षीय संदीप को चिन्हित किया। युवक के विरुद्ध धारा 151 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए उसे कानून-व्यवस्था एवं सोशल मीडिया के दुरुपयोग के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया।

वहीं थाना देवगांव पुलिस ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित कर अवैध गैंग से जुड़ाव प्रदर्शित करने वाले कटघर लालगंज निवासी 20 वर्षीय अजय कुमार के खिलाफ धारा 170/126/135 बीएनएसएस के अंतर्गत कार्रवाई की। पुलिस ने युवक को जिम्मेदार सोशल मीडिया उपयोग की सलाह देते हुए किसी भी अवैध गतिविधि से दूर रहने की हिदायत दी।

इसी तरह थाना पवई पुलिस ने इंस्टाग्राम पर गैंग बनाकर वीडियो पोस्ट करने और समूह में भ्रमण कर गैंग संस्कृति का प्रदर्शन करने वाले अहिलासपुर निवासी 28 वर्षीय विनय कुमार सिंह उर्फ सिप्पू सिंह को चिन्हित किया। उसके विरुद्ध भी धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई तथा थाना परिसर में काउंसलिंग कर भविष्य में ऐसी गतिविधियां न करने की चेतावनी दी गई।

उधर थाना अहरौला पुलिस ने इंस्टाग्राम पर गैंगस्टर जैसी छवि प्रस्तुत कर सोशल मीडिया पर प्रचार-प्रसार करने वाले बस्ती भुजवल निवासी कुंदन चौबे को चिन्हित किया। युवक के खिलाफ धारा 126/135/170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे कानून का पालन करने और सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करने की सलाह दी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति, हथियारों के प्रदर्शन और भय का वातावरण बनाने वाली गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। आजमगढ़ पुलिस ने अभिभावकों से बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर निगरानी रखने और उन्हें सकारात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि में संलिप्त पाए जाने पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button