Azamgarh News:ग्राम सभा की 50 एकड़ भूमि पर अवैध खनन व अतिक्रमण का आरोप, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार

ग्राम सभा की 50 एकड़ भूमि पर अवैध खनन व अतिक्रमण का आरोप, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई गुहार

बरदह/(आजमगढ़)। तहसील मार्टिनगंज के ग्राम सभा चौकी में ग्राम सभा की लगभग 50 एकड़ भूमि पर अवैध खनन और अतिक्रमण किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी आजमगढ़ को शिकायती पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ताओं के अनुसार ग्राम सभा के गाटा संख्या 519, 520, 521, 522, 523, 526, 527, 528, 530, 532, 533, 534, 535, 536, 537, 540, 541, 542, 544, 545, 552, 553, 554, 558, 567, 574, 575, 576 एवं 578 सहित कई सार्वजनिक भूमि पर बिना किसी वैध अनुमति के मिट्टी का खनन कराया जा रहा है। आरोप है कि जेसीबी मशीनों के माध्यम से बड़े पैमाने पर खुदाई की जा रही है, जिससे ग्राम सभा की संपत्ति को नुकसान पहुंच रहा है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि धर्मेन्द्र सरोज एवं सिकंदर सरोज के द्वारा यह कार्य कराया जा रहा है। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित लोगों द्वारा यह कहा जा रहा है कि उन्हें स्थानीय स्तर पर संरक्षण प्राप्त है, इसलिए उनके विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं होगी।

ग्रामीणों का कहना है कि इस संबंध में पूर्व में उपजिलाधिकारी मार्टिनगंज, लेखपाल एवं जिला खनन अधिकारी को भी सूचना दी गई थी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि खनन और अतिक्रमण के कारण बरसात तथा नहर का पानी तालाब तक नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे प्राकृतिक जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हो रही है। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

चौकी गांव निवासी डॉ. अनिल कुमार राय ने बताया कि मामले की शिकायत जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी मार्टिनगंज, जिला खनन अधिकारी तथा थाना बरदह को लिखित रूप से दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी को दूरभाष के माध्यम से भी पूरे प्रकरण की जानकारी दी गई है। अब ग्रामीण प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से ग्राम सभा की भूमि को अवैध खनन और अतिक्रमण से मुक्त कराते हुए दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। शिकायत की प्रतिलिपि जिला खनन अधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी लालगंज, उपजिलाधिकारी मार्टिनगंज तथा थानाध्यक्ष बरदह को भी भेजी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button