Azamgarh News:पत्रकारों की आवाज़ बनेगा आइडियल पत्रकार संगठन, हर अन्याय के खिलाफ लड़ेगा संघर्ष,अजय मिश्रा

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

पत्रकारों की आवाज़ बनेगा आइडियल पत्रकार संगठन, हर अन्याय के खिलाफ लड़ेगा संघर्ष,अजय मिश्रा

आजमगढ़ जनपद स्थित अतरौलिया के स्थानीय निरीक्षण भवन में शुक्रवार की शाम आइडियल पत्रकार संगठन की बुढ़नपुर तहसील इकाई की आवश्यक बैठक आयोजित हुई। बैठक में पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा, अधिकारों और संगठन की मजबूती को लेकर गंभीर मंथन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रवक्ता दिनेश सिंह ने तथा संचालन तहसील संरक्षक विवेक जायसवाल ने किया।

बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय कुमार मिश्रा ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का सशक्त प्रहरी है, लेकिन आज भी अनेक पत्रकार सुरक्षा, सम्मान और सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने कहा कि आइडियल पत्रकार संगठन केवल एक संगठन नहीं, बल्कि पत्रकारों के स्वाभिमान और अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाला परिवार है। किसी भी पत्रकार के साथ देश के किसी भी कोने में अन्याय होगा तो संगठन उसके साथ मजबूती से खड़ा रहेगा और न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा।

उन्होंने कहा कि गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकारों को मानदेय, दुर्घटना बीमा तथा बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्धि कराने की मांग को लेकर संगठन लगातार प्रयास कर रहा है। इस संबंध में सरकार को प्रस्ताव भी भेजे गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक माह जिला एवं तहसील कार्यकारिणी की बैठक कर पत्रकारों की समस्याओं की समीक्षा की जाएगी, ताकि हर आवाज़ को उचित मंच मिल सके।

अजय मिश्रा ने संगठन में अनुशासन को सर्वोच्च बताते हुए स्पष्ट किया कि यदि कोई पदाधिकारी या सदस्य संगठन की गरिमा के विपरीत अथवा अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर संगठनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि आइडियल पत्रकार संगठन देश के 22 राज्यों में सक्रिय है, जिनमें 18 राज्यों में संगठन की मजबूत इकाइयां पत्रकार हित में निरंतर कार्य कर रही हैं।

बैठक में राष्ट्रीय सचिव रोशन लाल, केंद्रीय संयुक्त प्रभारी कमलाकांत शुक्ला, प्रदेश महासचिव प्रवीण मद्धेशिया, प्रदेश सचिव आशीष निषाद, प्रदेश प्रभारी रामनरायन राय पूर्व बबलू राय, जिलाध्यक्ष दुर्गेश मिश्रा, बजरंगी विश्वकर्मा, संतोष सिंह, तहसील अध्यक्ष राजेश सिंह, अजय प्रकाश यादव, अमित यादव, रविंद्र नाथ गुप्ता, विजय कुमार, विशाल गौतम, चंद्रेश यादव, आकाश मोदनवाल, रामनाथ राजू, राम भवन, कपिल कुमार, अश्वनी गौड़, रवि सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में पत्रकार एकता, सम्मान और अधिकारों की रक्षा का संकल्प दोहराया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि संगठित पत्रकार ही अपने अधिकारों की प्रभावी ढंग से रक्षा कर सकते हैं और आइडियल पत्रकार संगठन इसी उद्देश्य के साथ निरंतर आगे बढ़ता रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button