Azamgarh news :गैंगस्टर स्टाइल रील बनाने वालों पर पुलिस का शिकंजा, कई युवक कार्रवाई की जद में
गैंगस्टर स्टाइल रील बनाने वालों पर पुलिस का शिकंजा, कई युवक कार्रवाई की जद में

इंस्टाग्राम पर रंगबाजी दिखाना पड़ा महंगा, आजमगढ़ पुलिस का ऑपरेशन वज्रपात जारी, कई युवकों पर कार्रवाई
आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
सोशल मीडिया पर गैंग संस्कृति और रंगबाजी का प्रदर्शन करने वाले युवकों के खिलाफ आजमगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन वज्रपात’ लगातार जारी है। जिले के जहानागंज और पवई थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर नकली हथियारों के साथ रील बनाकर दहशत फैलाने तथा गैंग संस्कृति को बढ़ावा देने वाले युवकों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है।
जहानागंज थाना क्षेत्र में तुलसीपुर निवासी 18 वर्षीय मुकेश सरोज द्वारा नकली शस्त्र के साथ वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर वायरल किया गया था। पुलिस ने युवक को चिन्हित कर हिरासत में लिया और शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से बीएनएसएस की धारा 151 के तहत चालान किया। इसके बाद अभिभावकों की मौजूदगी में उसकी काउंसलिंग कर सोशल मीडिया के दुरुपयोग के दुष्परिणामों और कानून का पालन करने की सीख दी गई।
वहीं पवई थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर गैंग बनाकर रील और वीडियो पोस्ट करने वाले अमन यादव एवं रजनीश विश्वकर्मा को पुलिस ने थाना बुलाकर उनके अभिभावकों की उपस्थिति में काउंसलिंग की। दोनों युवकों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस ने उन्हें भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी भी दी।
उधर मेहनगर थाना पुलिस ने ऑपरेशन वज्रपात के तहत मारपीट के एक मामले में वांछित अभियुक्त शिवम को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त डंडा भी बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चल रहे इस विशेष अभियान का उद्देश्य सोशल मीडिया के माध्यम से फैल रही गैंग संस्कृति, रंगबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन, गैंग के नाम पर रील बनाना या आमजन में भय का माहौल पैदा करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें जिम्मेदारी के साथ सोशल मीडिया का उपयोग करने के लिए प्रेरित करें।



