Azamgarh News:चेवता मोड़ पर हैरियर और पिकअप में भीषण भिड़ंत, पांच घायल,एयरबैग खुलने से टला बड़ा हादसा
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
चेवता मोड़ पर हैरियर और पिकअप में भीषण भिड़ंत, पांच घायल,एयरबैग खुलने से टला बड़ा हादसा
आजमगढ़ जनपद के कंधरापुर थाना अंतर्गत चेवता मोड़ स्थित इंडियन पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार को टाटा हैरियर कार और पिकअप वाहन के बीच हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में पांच लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि टाटा हैरियर के एयरबैग समय पर खुल जाने से उसमें सवार लोगों की जान बच गई और गंभीर चोटों से काफी हद तक बचाव हो सका।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टाटा हैरियर कप्तानगंज की ओर से आजमगढ़ जा रही थी। चेवता मोड़ के पास चालक ने यू-टर्न लेकर वापस कप्तानगंज की ओर मुड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान आजमगढ़ की ओर से आ रही तेज रफ्तार पिकअप वाहन से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े।
स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर एंबुलेंस और कंधरापुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
दुर्घटना में टाटा हैरियर में सवार दो लोग घायल हुए, जिन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल, आजमगढ़ भेजा गया। वहीं पिकअप में सवार तीन घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानीपुर पहुंचाया गया। सभी घायलों का उपचार जारी है।
हादसे में पिकअप वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया, जबकि हैरियर कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौजूद लोगों ने बताया कि यदि कार के एयरबैग समय पर नहीं खुलते तो दुर्घटना और भी भयावह हो सकती थी।
कंधरापुर थाना पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर यू-टर्न लेते समय हुई लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।



