Azamgarh News:अतरौलिया के सुखीपुर गांव में सर्पदंश से बीए छात्रा की मौत, परिवार में मचा कोहराम
अतरौलिया के सुखीपुर गांव में सर्पदंश से बीए छात्रा की मौत, परिवार में मचा कोहराम
अतरौलिया थाना क्षेत्र के सुखीपुर गांव में सर्पदंश की दर्दनाक घटना में 21 वर्षीय बीए की छात्रा महिमा की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सुखीपुर गांव निवासी सुरेंद्र कुमार की पुत्री महिमा बुधवार सुबह करीब आठ बजे घर में घरेलू कार्य कर रही थी। इसी दौरान उसे किसी जहरीले सांप ने डस लिया। महिमा की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे अतरौलिया के एक निजी अस्पताल ले गए।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए अंबेडकरनगर रेफर कर दिया। परिजन उसे अंबेडकरनगर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि घटना के बाद घर में तलाश करने पर एक सांप पकड़ा गया, लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिमा को उसी सांप ने काटा था या किसी अन्य जहरीले जीव ने। मृतका महिमा बीए की छात्रा थी और अपने चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। वह पढ़ाई में मेधावी होने के साथ-साथ परिवार की जिम्मेदारियों में भी सहयोग करती थी। उसकी असमय मौत से छोटे भाई-बहन करण, अंतिमा और पवन गहरे सदमे में हैं, जबकि मां शीला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर उन्हें ढांढस बंधा रहे हैं। महिमा की असामयिक मृत्यु से पूरे गांव और क्षेत्र में शोक का माहौल है।



