Azamgarh News:विकसित भारत गारंटी रोजगार योजना ‘वीबी जी राम जी’ का बरसावा में शुभारंभ, बाहा खुदाई से हुई शुरुआत*
विकसित भारत गारंटी रोजगार योजना ‘वीबी जी राम जी’ का बरसावा में शुभारंभ, बाहा खुदाई से हुई शुरुआत*
ठेकमा, आजमगढ़*। विकासखंड ठेकमा की ग्राम पंचायत बरसावा में शुक्रवार को केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण योजना ‘वीबी जी राम जी’ का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बाहा का कार्य खुदाई कर श्रमिकों द्वारा की गई।
मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी मनोज कुमार श्रीवास्तव ने फीता काटकर व बाहा खुदाई का कार्य शुरू कराकर योजना का शुभारंभ किया। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत ग्रामीण श्रमिकों को साल में 125 दिन का गारंटीशुदा रोजगार और 300 रुपये प्रतिदिन मजदूरी सरकार द्वारा दी जाएगी। योजना से जुड़ने वाले सभी श्रमिक अब ‘वीबी जी राम जी श्रमिक’ के नाम से जाने जाएंगे।
बीडीओ श्रीवास्तव ने बताया कि योजना के तहत गांव में कच्चे और पक्के दोनों प्रकार के कार्य प्राथमिकता से कराए जाएंगे। इसमें पंचायत भवन निर्माण, आंगनवाड़ी केंद्र, पोखरा खुदाई, बाहा खुदाई, चकरोड निर्माण, नाली निर्माण समेत अन्य मूलभूत विकास कार्य शामिल हैं। इससे गांव का विकास होगा और श्रमिकों का पलायन भी रुकेगा।
अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी (APO) ठेकमा अजीत सिंह ने श्रमिकों को जॉब कार्ड के महत्व और कार्यस्थल पर मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। ब्लॉक तकनीकी सहायक दिलीप पाल ने मस्टररोल और भुगतान प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया।
इस अवसर पर प्रशासक बरसावा प्रमोद राय, रोजगार सेवक अमर यादव सहित धर्मराज पाल, मनोज कुमार राय, बलीराम, राम मौर्य, रामू सरोज, चंदू सरोज, अजय राय, ऊषा गौड़, लक्ष्मीना, मीरा, चंद्रकला, नौरंगा, हुबराजी समेत बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रमिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रमिकों ने उत्साह के साथ कार्य शुरू किया।



