Azamgarh News:आजमगढ़ में अलग-अलग हादसों में वृद्ध व किशोर की मौत, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय
आजमगढ़ में अलग-अलग हादसों में वृद्ध व किशोर की मौत, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे
आजमगढ़ जिले के फूलपुर और पवई थाना क्षेत्रों में अलग-अलग घटनाओं में एक 63 वर्षीय वृद्ध और 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस ने इत्तेफाकिया सूचना दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
फूलपुर में सड़क हादसे में वृद्ध की मौत
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के खुटौली गांव निवासी श्रीराम (63) पुत्र स्व. सूर्यबली यादव गुरुवार रात करीब आठ बजे दुर्वासा बाजार से मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। डिग्री कॉलेज के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से उनकी बाइक टकरा गई। परिजनों के अनुसार, सामने से आ रहे वाहन की तेज रोशनी आंखों पर पड़ने के कारण उन्हें खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली दिखाई नहीं दी, जिससे हादसा हो गया। गंभीर रूप से घायल श्रीराम को ताहिर मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के पुत्र देवदास की तहरीर पर पुलिस ने सूचना दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पवई में सर्पदंश से किशोर की गई जान
उधर, पवई थाना क्षेत्र के टैनी गांव निवासी राकेश कुमार (16) पुत्र सिकंदर गुरुवार को ग्राम ओरिल गढ़वा दबदबा में काम करने गए थे। देर रात करीब तीन बजे उन्हें जहरीले सांप ने काट लिया। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए चिकित्सक के पास ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सत्य प्रकाश की सूचना पर पवई थाना पुलिस ने इत्तेफाकिया सूचना दर्ज कर शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दोनों मामलों में पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



