Azamgarh News:कोटेदारों की एकजुटता का दिखा दम, समस्याओं के समाधान को लेकर संगठन ने भरी हुंकार

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय
कोटेदारों की एकजुटता का दिखा दम, समस्याओं के समाधान को लेकर संगठन ने भरी हुंकार
आजमगढ़ जनपद के विकासखंड बिलरियागंज अंतर्गत श्रीनगर (सियरहां) स्थित सपना मैरैज हॉल में शनिवार को कोटेदार संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ब्लॉक क्षेत्र के करीब एक सौ कोटेदारों ने भाग लेकर अपनी समस्याओं और विभागीय चुनौतियों पर खुलकर चर्चा की। संगठन के पदाधिकारियों ने आश्वस्त किया कि किसी भी कोटेदार के साथ अन्याय होने पर संघ पूरी मजबूती के साथ उसके समर्थन में खड़ा रहेगा।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए कोटेदार संघ के जिलाध्यक्ष विजय कुमार राय ने एक-एक कर सभी कोटेदारों की समस्याएं सुनीं। बैठक में मुख्य रूप से कमीशन भुगतान में देरी, राशन वितरण के दौरान होने वाली घटतौली के आरोप तथा विभागीय अधिकारियों द्वारा अनावश्यक प्रताड़ना जैसे मुद्दे उठाए गए।
जिलाध्यक्ष विजय कुमार राय ने कहा कि सभी कोटेदार अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें। उपभोक्ताओं को समय पर अंगूठा लगवाकर पूरी पारदर्शिता और नियमों के अनुसार राशन वितरित करें तथा किसी भी पात्र लाभार्थी को अनावश्यक रूप से परेशान न करें। उन्होंने कहा कि यदि सभी नियमों का पालन करने के बावजूद किसी कोटेदार को क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षक या अन्य अधिकारी बेवजह प्रताड़ित करते हैं अथवा गलत कार्रवाई करते हैं, तो संगठन पूरी ताकत के साथ उसके अधिकारों की लड़ाई लड़ेगा।
बैठक के दौरान हाल ही में निलंबित हुए कोटेदार संजय सिंह ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए कहा कि बिना कोई नोटिस दिए उनकी उचित दर की दुकान निरस्त कर दी गई और उन पर निराधार आरोप लगाए गए। उन्होंने न्याय के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने की बात कही। इस पर संगठन के पदाधिकारियों ने उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि मामले को अधिकारियों के समक्ष भी मजबूती से उठाया जाएगा।
बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने सभी कोटेदारों से संगठन की एकजुटता बनाए रखने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि भविष्य में किसी भी समस्या का सामूहिक रूप से सामना किया जा सके।
इस अवसर पर जिला महामंत्री महेंद्र यादव, मंडल अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव, जिला मंत्री गौतम चौबे, कार्यवाहक अध्यक्ष सीताराम मौर्य, मार्टिनगंज ब्लॉक अध्यक्ष रामबचन यादव, कमलेश राय, बबलू राय, संजय सिंह, मोनू राय, शर्मानंद पांडे, जगमोहन पांडे, आनंद पांडे सहित बड़ी संख्या में कोटेदार एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक का समापन संगठन की मजबूती और कोटेदारों के हितों की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ।



