Azamgarh News:एक सप्ताह में JSY भुगतान में बड़ा सुधार, बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों को मिलेगा सम्मान, सीएमओ

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

एक सप्ताह में JSY भुगतान में बड़ा सुधार, बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीमों को मिलेगा सम्मान, सीएमओ

आजमगढ़, 4 जुलाई। जननी सुरक्षा योजना (JSY) के तहत लाभार्थियों के भुगतान में आजमगढ़ जनपद ने एक सप्ताह के विशेष अभियान के दौरान उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने बताया कि सतत अनुश्रवण, जवाबदेही आधारित कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य विभाग की टीमों के सामूहिक प्रयास से भुगतान प्रतिशत बढ़कर 73.09 प्रतिशत हो गया है। अब तक 8,098 संस्थागत प्रसवों के सापेक्ष 5,919 लाभार्थियों को भुगतान किया जा चुका है।

सीएमओ ने बताया कि इस प्रगति के पीछे अधीक्षकों, चिकित्सा अधिकारियों, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधकों, लेखा प्रबंधकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की टीम भावना और मेहनत का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने विश्वास जताया कि इसी गति से कार्य जारी रहा तो जल्द ही जनपद 90 प्रतिशत से अधिक भुगतान का लक्ष्य हासिल कर प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल होगा।

उन्होंने मिर्जापुर ब्लॉक (90.43%) और मेहनगर ब्लॉक (90.13%) के प्रदर्शन की विशेष सराहना की। वहीं मोहम्मदपुर के सब सेंटर बिशाम तथा ठेकमा के सीएचसी बरदह द्वारा शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित किए जाने को अन्य इकाइयों के लिए प्रेरणादायक बताया।

सीएमओ ने कहा कि 100 बेड चिकित्सालय अतरौलिया का प्रदर्शन भी संतोषजनक रहा है। वहीं जिला महिला चिकित्सालय ने भारी कार्यभार के बावजूद 1,252 संस्थागत प्रसवों में से 983 लाभार्थियों को भुगतान कर लगभग 78 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया, जो पूरी टीम की कार्यनिष्ठा और समन्वय का परिचायक है।

डॉ. वर्मा ने इस उपलब्धि का श्रेय स्वास्थ्य विभाग की टीमों के साथ-साथ जिलाधिकारी के सतत मार्गदर्शन और नियमित मॉनिटरिंग को भी दिया। उन्होंने सभी ब्लॉकों से लंबित भुगतान का शीघ्र निस्तारण करते हुए भुगतान प्रतिशत 90 से ऊपर पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने चेतावनी दी कि जिन स्वास्थ्य इकाइयों का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहेगा, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही घोषणा की कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधीक्षकों, चिकित्सा अधिकारियों एवं उनकी टीमों को विभागीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा, ताकि बेहतर कार्य करने वालों का उत्साहवर्धन हो और अन्य इकाइयां भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित हों।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button