Azamgarh News:क्षेत्रीय अध्यक्ष के प्रथम आगमन पर बनकट बाजार में भव्य स्वागत, 50 किलो की माला पहनाकर किया अभिनंदन
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
क्षेत्रीय अध्यक्ष के प्रथम आगमन पर बनकट बाजार में भव्य स्वागत, 50 किलो की माला पहनाकर किया अभिनंदन
आजमगढ़। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं नवनियुक्त गोरखपुर क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रथम आगमन पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका ऐतिहासिक एवं भव्य स्वागत किया। गोपालपुर विधानसभा के पूर्व भाजपा प्रत्याशी सत्येंद्र राय के नेतृत्व में बनकट बाजार में आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
क्षेत्रीय अध्यक्ष के आगमन की सूचना पर सुबह से ही कार्यकर्ता बनकट बाजार में एकत्र होकर उनके स्वागत का इंतजार करते रहे। लगभग दोपहर 12 बजे जैसे ही विनोद राय का काफिला कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा, पूरा क्षेत्र “भारत माता की जय”, “विनोद राय जिंदाबाद” और “भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठा। सत्येंद्र राय एवं उनके समर्थकों ने विनोद राय को लगभग 50 किलो वजनी फूलों की माला पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया तथा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
स्वागत से अभिभूत विनोद राय ने कहा कि कार्यकर्ताओं और जनता का यह स्नेह एवं सम्मान उनके लिए जीवन भर की अमूल्य पूंजी है। उन्होंने कहा कि वह क्षेत्र की जनता और प्रत्येक कार्यकर्ता के सुख-दुख में 24 घंटे साथ खड़े रहेंगे। किसी भी कार्यकर्ता या आम नागरिक को आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग प्रदान करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान और अधिक तेज किया जाएगा तथा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनपद की सभी सीटों पर भाजपा को विजयी बनाने के लिए संगठन पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ कार्य करेगा।
विनोद राय के स्वागत का उत्साह केवल बनकट बाजार तक ही सीमित नहीं रहा। मऊ जनपद की सीमा से आजमगढ़ में प्रवेश करते ही जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले का स्वागत किया। आजमगढ़ शहर तक दर्जनों स्थानों पर लोगों ने फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया। जगह-जगह रुककर उन्होंने कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। समर्थकों का कहना था कि यह स्वागत पार्टी के प्रति कार्यकर्ताओं के उत्साह और संगठन की मजबूती का प्रतीक है।
कार्यक्रम के अंत में पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सत्येंद्र राय ने कहा कि पार्टी नेतृत्व देशहित और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संगठन को निरंतर मजबूत कर रहा है। उन्होंने कहा कि विनोद राय को क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के बाद संगठन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। पहले जो छोटी-मोटी दूरियां या कमियां थीं, वे अब समाप्त हो चुकी हैं और सभी कार्यकर्ता पूरी एकजुटता के साथ 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन की सामूहिक ताकत और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर आजमगढ़ जनपद की सभी विधानसभा सीटों पर भाजपा विजय का परचम लहराएगी।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, समर्थक एवं क्षेत्र के सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह, जोश और संगठनात्मक एकता का माहौल देखने को मिला।



