Azamgarh news :एनसीडी स्क्रीनिंग में शिथिलता पर सीएमओ का कड़ा रुख आठ ब्लॉकों को एक सप्ताह की अंतिम मोहलत,सुधार न होने पर तय होगी अधीक्षक व प्रभारी चिकित्साधिकारी की जवाब देही

एनसीडी स्क्रीनिंग में शिथिलता पर सीएमओ का कड़ा रुख आठ ब्लॉकों को एक सप्ताह की अंतिम मोहलत,सुधार न होने पर तय होगी अधीक्षक व प्रभारी चिकित्साधिकारी की जवाब देही

आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव

जनपद में संचालित गैर-संचारी रोग (एनसीडी) स्क्रीनिंग कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने खराब प्रगति वाले ब्लॉकों पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर स्थिति में ठोस सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

समीक्षा में जहानागंज, कोयलसा, अहिरौला, मार्टिनगंज, पल्हनी, अर्बन कुन्दीगढ़, हरैया एवं सठियांव ब्लॉकों की उपलब्धियां निर्धारित मानकों से काफी कम पाई गईं। इसे गंभीर प्रशासनिक विषय मानते हुए संबंधित अधीक्षक एवं प्रभारी चिकित्साधिकारियों को चेतावनी दी गई है कि आगामी एक सप्ताह के भीतर प्रगति में स्पष्ट सुधार दिखाई देना चाहिए।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि समीक्षा के दौरान अनेक स्थानों पर एएनएम एवं सीएचओ द्वारा स्क्रीनिंग कार्य के प्रति अपेक्षित सक्रियता नहीं पाई गई। ऐसे सभी कार्मिकों को तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी कर उनका स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाए तथा की गई कार्रवाई की आख्या मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए।

डॉ. वर्मा ने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि के बाद किसी भी ब्लॉक की प्रगति असंतोषजनक मिलने पर केवल संबंधित एएनएम एवं सीएचओ ही नहीं, बल्कि संबंधित अधीक्षक एवं प्रभारी चिकित्साधिकारी भी समान रूप से उत्तरदायी माने जाएंगे। ऐसे मामलों में नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि हॄदय रोग, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मुख कैंसर, स्तन कैंसर तथा सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान के लिए एनसीडी स्क्रीनिंग अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी चिकित्सा इकाइयां इसे सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रतिदिन निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करें। शासन की प्राथमिकताओं से किसी भी प्रकार का विचलन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button