Azamgarh News:सम्मान और शुभकामनाओं के बीच स्थानांतरित पुलिस अधिकारियों को भावभीनी विदाई, एसएसपी बोले–जनसेवा की पहचान हमेशा साथ रहती है

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

सम्मान और शुभकामनाओं के बीच स्थानांतरित पुलिस अधिकारियों को भावभीनी विदाई, एसएसपी बोले–जनसेवा की पहचान हमेशा साथ रहती है

आजमगढ़, पुलिस लाइन सभागार बुधवार को उस समय भावुक हो उठा, जब जनपद से स्थानांतरित हुए दो पुलिस अधिकारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने साथ लंबे समय तक कार्य कर चुके अधिकारियों को पुष्पगुच्छ एवं माल्यार्पण कर भावभीनी विदाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह को संबोधित करते हुए एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि स्थानांतरण सेवा का एक सामान्य हिस्सा है, लेकिन अपने कार्य, व्यवहार और जनसेवा की बदौलत अधिकारी हमेशा लोगों के दिलों में अपनी पहचान छोड़ जाते हैं। उन्होंने दोनों अधिकारियों के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा आमजन की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई तैनाती पर भी दोनों अधिकारी अपनी कार्यकुशलता और ईमानदारी से विभाग का नाम रोशन करेंगे।

विदाई समारोह में क्षेत्राधिकारी सगड़ी अनिल कुमार वर्मा, जिनका स्थानांतरण पुलिस उपाधीक्षक, कमिश्नरेट वाराणसी के पद पर हुआ है, तथा पुलिस उपाधीक्षक/थाना प्रभारी मुबारकपुर, जिनका स्थानांतरण पुलिस उपाधीक्षक, महाराजगंज के पद पर हुआ है, को सम्मानित किया गया।

इस दौरान दोनों अधिकारियों ने भी जनपद आजमगढ़ में मिले सहयोग और अपनत्व के लिए वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों एवं पुलिस कर्मियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ में बिताया गया समय और यहां के अनुभव उनके लिए हमेशा यादगार रहेंगे।

समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर), क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी सदर सहित जनपद के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने स्थानांतरित अधिकारियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुखद भविष्य और नई जिम्मेदारियों में सफलता की शुभकामनाएं देते हुए भावभीनी विदाई दी। समारोह का माहौल सम्मान, आत्मीयता और भावनाओं से ओतप्रोत रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button